Jharkhand: पांकी में दो समुदायों में झड़प , पत्थरबाजी और आगजनी में कई घायल,धारा 144 लागू*


*महाशिवरात्रि के तोरणद्वार लगाने पर बढ़ा विवाद , पुलिस ने कई उपद्रवियों को किया गिरफ्तार*

समाज जागरण, बिनोद सिंह ब्यूरो चीफ सह प्रभारी पलामू प्रमंडल

मेदिनीनगर, पलामू (झारखंड):- महाशिवरात्रि को लेकर तोरणद्वार बनाने की विवाद में बुधवार को पलामू जिले के पांकी में सांप्रदायिक हिंसा भड़क उठी। दोनों समुदायों के बीच जमकर पत्थरबाजी हुई। आगजनी भी की गई। इस घटना में आधा दर्जन के करीब दुकानों को नुकसान पहुंचा है। जबकि तीन घर जल गए हैं। उपद्रवियों ने करीब एक दर्जन से अधिक वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया है। करीब 1 घंटे से अधिक ज्यादा समय तक शहर का मस्जिद चौक का इलाका युद्ध का मैदान बना रहा। डेढ़ दर्जन से ज्यादा लोग घायल हुए। कई पुलिसकर्मियों को भी चोट लगी है, जिसमें क्षेत्र के पुलिस उपाधीक्षक आलोक कुमार टुडू भी शामिल है। फिलहाल स्थिति को नियंत्रण में कर लिया गया है। मौके भारी पुलिस बल के साथ आईजी से लेकर डीसी – एसपी तक कैंप कर रहे हैं। पुलिस ने कई उपद्रवियों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

जानकारी के अनुसार पांकी के राहेवीर पहाड़ी पर स्थित शिव मंदिर में हर साल धूमधाम से महाशिवरात्रि मनाया जाता है। इस साल 18 फरवरी को महाशिवरात्रि है। मंदिर कमेटी तैयारी में लगी है। इसी के मद्देनजर मंगलवार की शाम मस्जिद चौक पर तोरणद्वार बनाने के लिए बांस – बल्ली और कपड़ा लेकर मजदूर पहुंचे। जहां एक समुदाय के लोगों ने उन्हें रोक दिया। उनका कहना था कि यहां पर एक धार्मिक स्थल है, इसलिए तोरणद्वार बनाने नहीं दी जाएगी। इसे लेकर विवाद हुआ। विवाद के बाद दूसरे समुदाय के लोग लौट गए और बुधवार की सुबह फिर से तोरणद्वार बनाने पहुंचे। इस बीच दोनों पक्ष के लोग जुटे। सूचना मिलने पर पांकी थाना प्रभारी रंजीत प्रसाद यादव पुलिस बल के साथ पहुंचे। दोनों पक्षों के बीच बातचीत शुरू हुई। इस बीच एक उग्र व्यक्ति ने मंदिर कमेटी के सदस्यों में से एक निरंजन सिंह के सर पर डंडा मार दिया। जिससे उनका सिर फट गया और देखते-देखते पुलिस के सामने ही मस्जिद चौक युद्ध का मैदान बन गया। पुलिस के सामने ही धार्मिक स्थल के ऊपर पत्थरबाजी शुरू हुई। इसके जवाब में दूसरी तरफ से भी पत्थर फेंके जाने लगे। जिसे जो मिला वह वहीं फेंक रहा था। पत्थर के साथ ही कोल्ड ड्रिंक्स की बोतलों से भी प्रहार किए गए। आगजनी भी हुई। बाइक घर और दुकान भी फूंके गए। दोनों पक्ष के लोग पीछे हटने को तैयार नहीं थे। आमने सामने होकर लगातार पत्थरबाजी करते रहे हैं। बाद में पांकी के साथ ही लेस्लीगंज , पिपराटांड़ , तरहसी , मनातू आदि थानों की पुलिस को बुलाया गया। आईजी राजकुमार लकड़ा , उपायुक्त आंजनेयुलू दोड्डे , एसपी चंदन कुमार सिन्हा मौके पर पहुंचे। इसके बाद स्थिति नियंत्रण हुआ और लोग पीछे हटे। स्थिति को कंट्रोल में करने के लिए एसडीएम राजेश शाह ने पांकी थाना क्षेत्र में धारा 144 लागू कर दिया है। साथ ही इलाके में इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई है।

*डीसी ने पांकीवासियों से की शांति बनाए रखने की अपील*

पलामू उपायुक्त आंजनेयुलू दोड्डे ने कहा कि पांकी में दो समूहों के बीच हुए विवाद से उत्पन्न विधि व्यवस्था की स्थिति शांतिपूर्ण और नियंत्रण में है। जिला प्रशासन स्थिति पर पूरी तरह से निगाह रखे हुए हैं। प्रशासनिक अधिकारियों सहित पुलिस के पदाधिकारी दल बल के साथ घटनास्थल पर कैंप कर रहे हैं। पूरे क्षेत्र में धारा 144 अंतर्गत निषेधाज्ञा लगा दी गई है। सोशल मीडिया पर भी कड़ी निगरानी रखी जा रही है। उपायुक्त श्री दोड्डे ने लोगों से अपील की है कि किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान ना दें , किसी भी व्यक्ति के द्वारा सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाते पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई किए जाने का निर्देश दिए गए है।