पटना के गांधी मैदान में अदा की गई ईद का नवाज, सीएम तथा पूर्व डिप्टी सीएम ने दिया बधाई

समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश

पटना/ बिहार समेत पूरे देश में ईद का त्योहार धूमधाम से मनाया गया। पटना, बेगूसराय और अन्य जिलों में सुबह 7:30 बजे ईद की नमाज अदा की गई। पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में करीब 20 हजार लोगों ने एक साथ नमाज पढ़ी। इस अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी गांधी मैदान पहुंचे और लोगों को ईद की शुभकामनाएं दीं। गांधी मैदान में ईद की नमाज के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी मौजूद रहे। उन्होंने टोपी पहनकर सभी को ईद की बधाई दी और दोनों हाथ उठाकर प्रदेश की खुशहाली और अमन-चैन के लिए दुआ मांगी। इस दौरान उन्होंने एक बच्चे के साथ फोटो भी खिंचवाई। इसके अलावा, उन्होंने अपने पास खड़े व्यक्ति को इशारा कर मंत्री अशोक चौधरी को टोपी पहनाने को कहा। कुछ देर बाद मंत्री अशोक चौधरी को टोपी पहनाई गई, जिससे माहौल और सौहार्दपूर्ण हो गया। राजद नेता और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भी ईद की बधाई दी। उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए लिखा कि ईद का यह खास दिन सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि लाए। उन्होंने इस अवसर पर प्रदेश और देश में भाईचारा और शांति बनाए रखने की कामना की।
जनसुराज अभियान के प्रमुख प्रशांत किशोर ने किशनगंज में ईद मनाई। इस मौके पर वे वहां के स्थानीय लोगों के बीच पहुंचे और उनके साथ मिलकर खुशियां साझा कीं। उन्होंने कहा कि सीमांचल क्षेत्र में ईद का माहौल देखने लायक होता है और किशनगंज से बेहतर कोई जगह नहीं हो सकती। प्रशांत किशोर ने ईद के मौके पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बिहार दौरे पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि अमित शाह चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर बिहार आए हैं, जबकि वे यहां ईद के जश्न में शामिल होने पहुंचे हैं। गांधी मैदान में नमाज अदा करने वाले लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने पुख्ता इंतजाम किए थे। जिला प्रशासन की ओर से भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक मैनेजमेंट और कानून-व्यवस्था को लेकर विशेष निर्देश जारी किए गए थे। गांधी मैदान को चार सेक्टरों में विभाजित किया गया था, और प्रत्येक सेक्टर में वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की तैनाती की गई थी। पूरे मैदान में 128 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे, जिससे हर गतिविधि पर नजर रखी जा सके। इसके अलावा, एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड और पेयजल की समुचित व्यवस्था की गई थी। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पैदल गश्ती दल और क्यूआरटी (क्विक रिस्पॉन्स टीम) को भी तैनात किया गया था। इस तरह, बिहार में ईद का त्योहार पूरे जोश और उल्लास के साथ मनाया गया। गांधी मैदान में हजारों लोगों ने एक साथ नमाज अदा की और मुख्यमंत्री समेत अन्य प्रमुख नेताओं ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं।

Leave a Reply