अभय कुमार मिश्रा, दैनिक समाज जागरण, ब्यूरो चीफ कोल्हान झारखंड
सरायकेला खरसावां झारखंड (07 दिसम्बर 2024): सरायकेला जिले में पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष छापेमारी अभियान में पुलिस ने ब्राउन शुगर की अवैध तस्करी के मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। आदित्यपुर थाना क्षेत्र के मुस्लिम बस्ती में छापेमारी कर पुलिस ने करीब 7 लाख रुपये मूल्य की 35.44 ग्राम ब्राउन शुगर जब्त की और तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार महिलाओं की पहचान रहिमा खातुन उर्फ मोटकी: पति – सद्दाम हुसैन, निवासी एच रोड, मुस्लिम बस्ती। नाजमुन निशा उर्फ ताजमुन: पति – स्व. एहसान अली, निवासी एच रोड, मुस्लिम बस्ती, साहिदा खातुन उर्फ मुन्नू: पति – मो. रियाज, निवासी एच रोड, मुस्लिम बस्ती के रूप में हुई है। पुलिस ने रहिमा खातुन के पास से 20.37 ग्राम ब्राउन शुगर और एक मोबाइल फोन, नाजमुन निशा से 6.36 ग्राम ब्राउन शुगर और साहिदा खातुन के पास से 8.71 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद किया है, जिसमें 40 पुड़िया और अलग-अलग पाउच शामिल है। गिरफ्तार ड्रग पैडलरों में दो का पहले भी अपराधिक इतिहास रहा है। रहिमा खातुन पहले भी चार एनडीपीएस मामलों में अभियुक्त रही है और नाजमुन निशा पर भी पहले एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज है। इस मामले में आदित्यपुर थाना कांड संख्या-438/24 के तहत एनडीपीएस अधिनियम की धारा 17(बी)/21(बी)/27(ए) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार महिलाओं को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। इस अभियान का नेतृत्व अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी श्री समीर सवैया ने किया। टीम में आदित्यपुर थाना प्रभारी श्री राजीव कुमार सिंह सहित कई पुलिसकर्मी शामिल थे। वहीं पुलिस अधीक्षक ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे नशीले पदार्थों की तस्करी या संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। इस अभियान का उद्देश्य जिले को नशामुक्त और सुरक्षित बनाना है।