समाज जागरण/ अवधेश कुमार गुप्ता
सोनभद्र। जनपद में आगामी बरसात के मौसम को देखते हुए नगर निकायों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ के निर्देश पर सोमवार को अभियान के दूसरे दिन जनपद की समस्त नगर पंचायतों एवं नगर पालिका परिषद क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर नालों और नालियों की सफाई कराई गई। अभियान का उद्देश्य बारिश के दौरान जलभराव की समस्या को रोकना तथा नागरिकों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराना है। स्वच्छता अभियान के तहत सफाई कर्मियों द्वारा प्रमुख नालों, नालियों, सार्वजनिक स्थलों और जल निकासी मार्गों की विशेष सफाई की गई। कई स्थानों पर मशीनों की सहायता से बड़े नालों में जमी गाद और कचरे को हटाया गया, ताकि बरसात के दौरान जल निकासी में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। प्रशासन द्वारा अभियान की नियमित निगरानी भी की जा रही है।
सफाई कार्यों की समीक्षा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से की जा रही है, जिससे अभियान की गुणवत्ता एवं प्रभावशीलता सुनिश्चित की जा सके। सभी संबंधित अधिशासी अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि सफाई कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी कार्य पूर्ण किए जाएं। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने बताया कि बरसात का मौसम नजदीक है। इसी को ध्यान में रखते हुए पूर्व में सभी नगर निकायों के अधिशासी अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए थे। उन्होंने कहा कि सभी नगर निकायों को निर्देशित किया गया है कि वे अभियान चलाकर नालियों और नालों की सफाई मशीनों की सहायता से कराएं तथा 15 दिनों के भीतर यह कार्य पूर्ण करें।
जिलाधिकारी ने कहा कि स्वच्छता जनस्वास्थ्य से जुड़ा अत्यंत महत्वपूर्ण विषय है। नगर निकायों को साफ-सफाई व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाना होगा ताकि नागरिकों को स्वच्छ वातावरण मिल सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रशासन की प्राथमिकता है कि बरसात के दौरान जलभराव अथवा नालियों के अवरुद्ध होने से किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो। उन्होंने सभी नगर निकायों को निर्देश दिए कि सफाई अभियान को निरंतर जारी रखा जाए तथा बारिश शुरू होने से पहले जल निकासी व्यवस्था को पूरी तरह दुरुस्त कर लिया जाए। प्रशासन को उम्मीद है कि इस विशेष अभियान से नगर क्षेत्रों में जलभराव की समस्या में कमी आएगी और लोगों को राहत मिलेगी।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



