हादसे के दौरान सड़क पर घसीटकर महिला को किया घायल
समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश
पटना/ जिले के कंकड़बाग इलाके में चेन झपटमारी की एक गंभीर घटना में एक बुजुर्ग महिला को बदमाशों ने हमले में गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के दौरान महिला ने बदमाश को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन अपराधियों ने उन्हें सड़क पर घसीट दिया। इस घटना में महिला का हाथ टूट गया और शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। घायल महिला की पहचान भोजपुर जिले के बिहिया की रहने वाली 65 वर्षीय मुन्नी देवी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह पटना में एक पारिवारिक शादी में शामिल होने आई थीं। घटना के बाद उन्हें कंकड़बाग के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां गहन चिकित्सा कक्ष में उनका इलाज चल रही है। पीड़िता ने बताई की पंच शिव मंदिर के पास से चांदमारी रोड की ओर जा रही थीं, तभी पीछे से एक युवक मोटरसाइकिल से आया और उनके गले से सोने की चेन झपटकर भागने लगा। महिला ने साहस दिखाते हुए बदमाश को पकड़ने की कोशिश की और उसकी कॉलर पकड़ ली।
लेकिन बदमाश ने चेन छीनने के दौरान उन्हें जोर से धक्का दिया और सड़क पर घसीटता हुआ कुछ दूरी तक ले गया। इससे उनका दाहिना हाथ टूट गया और शरीर के अन्य हिस्सों में भी चोटें आईं। महिला के बेटे धर्मेंद्र कुमार केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल में कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि घटना के समय पंच शिव मंदिर के पास एक युवक पहले से ही काले रंग की बुलेट मोटरसाइकिल पर खड़ा था। उसने हेलमेट पहन रखा था और जींस-टीशर्ट पहने हुए था। आरोपी ने उनकी मां के गले में चेन देखकर ही वारदात को अंजाम दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने महिला के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस टीम आरोपी की तलाश में जुट गई है और आसपास लगे निगरानी कैमरों के दृश्य भी खंगाले जा रहे हैं।



