*सीएम ने मिस इंडिया यूनिवर्स 2025 विजेता दामिनी देवांगन को किया सम्मानित*
*डीडीयू ऑडिटोरियम में आयोजित हुआ देवांगन समाज का महाकुम्भ*
बिलासपुर,छत्तीसगढ़। पंडित दीनदयाल ऑडिटोरियम रायपुर में आयोजित प्रदेश देवांगन समाज के महाकुंभ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विशिष्ट उपलब्धियों के लिए समाज के प्रतिभाशाली सदस्यों को सम्मानित किया। इस अवसर पर बिलासपुर निवासी और हाल ही में मिस इंडिया यूनिवर्स 2025 का खिताब जीतने वाली दामिनी देवांगन को मुख्यमंत्री ने शॉल एवं स्मृति-चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। दामिनी ने गोवा स्थित कैंडोलिम बीच होटल सोनेस्त में आयोजित नेशनल टैलेंट ब्यूटी पेजेंट शो में यह गौरव हासिल किया, जिसमें देशभर से आई प्रतिभाओं ने भाग लिया था। इस ऐतिहासिक उपलब्धि से न केवल बिलासपुर, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ में हर्ष और गौरव की लहर है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में प्रतिभाओं की कमी नहीं है।छत्तीसगढ़ को विकसित बनाने में देवांगन समाज समेत प्रदेश के सभी समाजों का सामूहिक योगदान बहुत जरूरी है। लोगों ने विश्वास और उम्मीदों के साथ प्रदेश में हमारी सरकार बनाई। हम भी लोगों की उम्मीदों को पूरा करने के लिए लगातार काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि महाकुंभ में समाज के जनप्रतिनिधि, उत्कृष्ट बुनकर, होनहार छात्र, व्यापारी व चिकित्सकों को सम्मानित किया गया। इसमें मुझे एक संगठित और प्रगतिशील समाज की झलक दिखी। मुख्यमंत्री ने देवांगन समाज की लिखित नियमावली का विमोचन किया। उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि बुनकरों के उत्थान के लिए मुख्यमंत्री ने काम संभालते ही मजदूरी में 20 प्रतिशत की बढ़ोतरी कर दी थी। कार्यक्रम में विधायक किरण सिंहदेव, पुरंदर मिश्रा, शिवरतन शर्मा व मोतीलाल साहू और प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप देवांगन मौजूद रहे।
*समाज की मांग- हर जिले में खोला जाए देवांगन छात्रावास*
समाज के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री साय से युवाओं की शिक्षा के लिए हर जिले में सर्वसुविधायुक्त देवांगन छात्रावास बनवाने की मांग की। इसके अलावा बुनकरी के लिए प्रशिक्षण व मशीनरी, दीपचंद देवांगन के नाम पर सर्वश्रेष्ठ बुनकर का राज्य पुरस्कार देने, 7 अगस्त बुनकर दिवस और बसंत पंचमी पर मां परमेश्वरी जयंती का उल्लेख सरकारी कैलेंडर में करने की भी मांग की गई।
*साढ़े तीन घंटे देर से आये सीएम साय ने मांगी माफी*
देवांगन समाज के कार्यक्रम में सीएम साय देर से पहुंचे। उनको अपराह्न 3 बजे आना था, लेकिन वे शाम 6.30 बजे पहुंचे। वे बोले आधे या एक घंटे की देरी समझ आती है लेकिन मैंने पूरे समाज के लोगों को तीन-साढ़े तीन घंटे तक इंतजार कराया। मैं क्षमा मांगता हूं। इस पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव ने कहा कि मेरे राजनैतिक जीवन का यह पहला सामाजिक कार्यक्रम है जिसमें मैं 4 घंटे से अधिक समय तक रूका।




