अवैध राशि वसूली के वायरल वीडियो पर संविदा ए.एन.एम. को हटाया गया

वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो किशनगंज ।
सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो के माध्यम से सदर पी.एच.सी. बेलवा के लेबर रूम में कार्यरत श्रीमती मनोरमा सिन्हा, संविदा आधारित ए.एन.एम. (मूल पदस्थापन—स्वास्थ्य उपकेन्द्र मोतीहारा, प्रतिनियुक्ति—पी.एच.सी. किशनगंज, बेलवा द्वारा प्रसव के उपरान्त प्रसूता के परिजन से अवैध राशि की मांग किए जाने एवं रुपये लेते हुए दिखाए जाने का मामला संज्ञान में आया है।
उक्त प्रकरण की जांच हेतु जिला परिवहन पदाधिकारी-सह-वरीय प्रभारी पदाधिकारी, किशनगंज प्रखण्ड एवं जिला कार्यक्रम प्रबंधक, जिला स्वास्थ्य समिति, किशनगंज द्वारा संयुक्त रूप से कराया गया।जिला परिवहन पदाधिकारी-सह-वरीय पदाधिकारी द्वारा ज्ञापांक 1181/जि.परि., दिनांक 11.12.2025 के माध्यम से जांच प्रतिवेदन समर्पित किया गया। जांच प्रतिवेदन में उल्लेखित है कि श्रीमती मनोरमा सिन्हा द्वारा अपने स्वलिखित बयान में यह स्वीकार किया गया कि प्रसव के पश्चात् मरीजों के परिजन कभी-कभी खुशनामा दे देते हैं। उनके इस स्वीकारोक्ति से वायरल वीडियो में दर्शाए गए तथ्य की सत्यता की पुष्टि होती है। प्रथम दृष्टया यह कृत्य रिश्वतखोरी एवं भ्रष्टाचार में संलिप्तता को परिलक्षित करता हुआ पाया गया।
तदालोक में, प्रमाणित आरोपों के आलोक में Human Resource Manual Rules and Regulation, 2021 की कंडिका-12 तथा एकरारनामा की कंडिका 14(B) के प्रावधानों के तहत श्रीमती मनोरमा सिन्हा, संविदा आधारित ए.एन.एम., स्वास्थ्य उपकेन्द्र मोतीहारा (प्रतिनियुक्ति—पी.एच.सी. किशनगंज, बेलवा) का एकरारनामा तत्काल प्रभाव से रद्द करते हुए उन्हें कार्यमुक्त किया गया है।

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)