श्रीभूमि संवाददाता, दैनिक समाज जागरण
श्रीभूमि जिले के गामरिया एम.ई स्कूल में बुधवार को आपसी छात्र विवाद के बाद अचानक हालात बेकाबू हो गए और मामला हिंसक रूप ले बैठा। स्कूल परिसर में दो छात्रों के बीच हुए टकराव को लेकर एक छात्र के अभिभावक और हेडमास्टर बहार उद्दीन बड़भुइया के बीच कहासुनी हो गई, जो बाद में गंभीर झगड़े में बदल गई।
इसी दौरान स्कूल प्रबंधन समिति (SMC) के अध्यक्ष आलाउद्दीन स्थिति शांत कराने के उद्देश्य से मौके पर पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उन्होंने संबंधित अभिभावक को शांत रहने की सलाह दी, लेकिन इसी बात से अभियुक्त काईयुम अली और उसके समर्थक भड़क उठे। आरोप है कि उन्होंने मिलकर आलाउद्दीन पर हमला कर दिया, जिसमें वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
अचानक बिगड़ी स्थिति को देखते हुए हेडमास्टर बहार उद्दीन बड़भुइया ने तुरंत कालिबाड़ी पुलिस आउटपोस्ट को फोन कर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस दल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रण में लिया।
गंभीर हालत में अध्यक्ष आलाउद्दीन को कालिबाड़ी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से स्थिति बिगड़ने पर उन्हें हाइलाकांडी सिविल अस्पताल रेफर किया गया। बाद में तबीयत और खराब होने पर उन्हें शिलचर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया।
इस घटना के बाद अध्यक्ष आलाउद्दीन के बेटे मुत्तारुल हक ने कालिबाड़ी पुलिस आउटपोस्ट में FIR दर्ज कराई है। FIR में पाँच लोगों को आरोपी बनाया गया है—
अब्दुल राशिद
कैयूम अली
रुषना बेगम
नाजमुल
बदर उद्दिन
घटना से स्कूल परिसर और स्थानीय समुदाय में भारी आक्रोश फैल गया है। शिक्षक, अभिभावक और क्षेत्रवासी आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
पुलिस मामले की जांच में जुटी है और दोषियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।





