
*
*रीता कुमारी, ब्यूरो चीफ, दैनिक समाज जागरण*
*नवादा (बिहार)।* जदयू नेता मोहन सिंह चन्द्रवंशी के दो बेटों को अपराधियों ने चाकू मारकर घायल कर दिया। दोनों की हालत गंभीर है। सदर अस्पताल में इलाज के बाद नेतापुत्रों को पटना रेफर कर दिया गया. घटना बुधवार देर शाम की बतायी जाती है।
जदयू के वरिष्ठ नेता मोहन सिंह चन्द्रवंशी के पुत्र गौतम सिंह और कुणाल सिंह विजयादशमी को मेला घूमने जिला मुख्यालय नवादा शहर आये थे। प्रसादबीघा मोहल्ले में होटल गैलेक्सी के नजदीक बदमाशों ने पीछे से उनपर चाकू और डंडा से हमला कर दिया। चाकू लगने से दोनों भाई घायल हो गये जिन्हें चिंताजनक हालत में नवादा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। दोनों की हालत गंभीर बतायी गयी है। डॉक्टर ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें रेफर कर दिया।
घायल गौतम सिंह का कहना है कि उसकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं है , फिर भी किसी ने चाकू मारकर हत्या करने की कोशिश की है।
प्रशासन द्वारा दुर्गा पूजा को ले चप्पे-चप्पे पर पुलिस पदाधिकारी एवं दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गयी थी। बावजूद इसके बदमाशों द्वारा घटना को अंजाम दिया जाना चिन्ता का विषय है।
इसके पूर्व रजौली प्रखंड के अंधरबारी गांव के एक युवक को छूरा मारकर जख्मी कर दिया गया था। वह भी पटना में जीवन और मौत से संघर्ष कर रहा है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



