जनता के हर वर्ग का रखा गया ख्याल : विनोद कुशवाहा
मिंटू कुमार संवाददाता दैनिक समाज जागरण हजारीबाग सदर।
झारखंड सरकार द्वारा पेश किए गए बजट को कांग्रेस के प्रदेश महासचिव विनोद कुशवाहा ने संतुलित करार दिया है। उन्होंने कहा कि यह बजट राज्य के किसानों, मजदूरों, युवाओं, महिलाओं और व्यापारियों के हितों को ध्यान में रखकर बनाया गया है। कुशवाहा ने विपक्ष द्वारा की जा रही आलोचनाओं को खारिज करते हुए कहा कि यह बजट झारखंड के समग्र विकास को गति देगा। विनोद कुशवाहा ने कहा कि झारखंड सरकार ने किसानों के लिए इस बजट में कई नई योजनाओं को शामिल किया है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार कृषि क्षेत्र को सशक्त करने और किसानों की आमदनी बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सरकार ने किसानों के लिए सस्ते ऋण, उन्नत बीज, आधुनिक कृषि तकनीकों और बाजार उपलब्धता जैसी कई महत्वपूर्ण योजनाओं की घोषणा की है। कुशवाहा ने कहा कि झारखंड सरकार ने बेरोजगारी दूर करने और युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर देने के लिए कई योजनाओं की शुरुआत की है। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा नए उद्योगों को बढ़ावा देने, स्वरोजगार को प्रोत्साहित करने और युवाओं को स्किल डेवलपमेंट से जोड़ने की दिशा में काम किया जा रहा है। झारखंड के युवाओं को अब अपने राज्य में ही रोजगार मिलेगा। कांग्रेस नेता ने कहा कि बजट में शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र को भी प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने कहा कि झारखंड सरकार नए स्कूलों, कॉलेजों और तकनीकी संस्थानों की स्थापना कर रही है ताकि प्रदेश के छात्र उच्च गुणवत्ता की शिक्षा प्राप्त कर सकें। नए स्कूल और कॉलेज खोलने के साथ-साथ सरकारी संस्थानों को भी मजबूत किया जाएगा। स्वास्थ्य क्षेत्र पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि झारखंड में सरकारी अस्पतालों को अपग्रेड करने, मेडिकल सुविधाओं को मजबूत करने और गरीबों को मुफ्त इलाज की सुविधा देने पर बजट में विशेष ध्यान दिया गया है।