किशनगंज: महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर किशनगंज शहर में आस्था और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। पूरव पाली स्थित भूतनाथ गौशाला शिव मंदिर से भगवान भोलेनाथ की भव्य और आकर्षक शिव बारात पूरे विधि-विधान और धूमधाम के साथ निकाली गई।
हजारों की संख्या में श्रद्धालु इस पावन शोभायात्रा में शामिल हुए। “हर-हर महादेव” और “जय भोलेनाथ” के गगनभेदी जयकारों से वातावरण पूरी तरह शिवमय हो उठा। बारात प्रस्थान से पूर्व मंदिर परिसर में विशेष पूजा-अर्चना की गई और इसके बाद श्रद्धालुओं में महाप्रसाद (खीर) का वितरण किया गया, जिसे बड़ी श्रद्धा के साथ ग्रहण किया गया। सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्तों की भारी भीड़ रही।
शहर में भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए। प्रमुख चौक-चौराहों पर पुलिस बल की तैनाती की गई, जिससे शोभायात्रा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सकी।
शिव बारात की झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। भगवान शिव और माता पार्वती का अलौकिक स्वरूप, भगवान श्री गणेश की मनमोहक झांकी तथा शिवगणों के रूप में सजे भूत-प्रेत के रूपों ने लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। श्रद्धालु भक्तिमय धुनों और शिव भजनों पर नाचते-गाते आगे बढ़ते रहे। जगह-जगह स्थानीय लोगों ने पुष्प वर्षा कर बारात का स्वागत किया।
यह भव्य शिव बारात शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए ढेकसारा काली मंदिर पहुंची, जहां वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान शिव और माता पार्वती के विवाह की रस्में संपन्न कराई जाएंगी। महाशिवरात्रि के इस आयोजन ने पूरे शहर को भक्ति, उत्साह और सामाजिक एकता के रंग में रंग दिया।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



