google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

तीन मंजिला मकान से गिरकर लोजपा नेता वीरेंद्र तिवारी का निधन, शहर में शोक की लहर

वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो, किशनगंज।
13 जून।
नगर परिषद क्षेत्र स्थित लाइन मोहल्ला निवासी एवं लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के नेता तथा समाजसेवी वीरेंद्र तिवारी (40 वर्ष) का शनिवार को अपने तीन मंजिला निजी आवास से गिरकर निधन हो गया। घटना शनिवार दोपहर करीब एक बजे की बताई जा रही है। इस दुखद हादसे से पूरे शहर में शोक की लहर दौड़ गई।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, वीरेंद्र तिवारी अपने आवास पर मौजूद थे। इसी दौरान किसी कारणवश वे तीन मंजिला भवन से नीचे गिर गए, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों एवं परिजनों ने उन्हें बचाने का हरसंभव प्रयास किया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार घटना के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।


वीरेंद्र तिवारी राजनीति के साथ-साथ सामाजिक गतिविधियों में भी सक्रिय भूमिका निभाते थे। वे आम लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए सदैव तत्पर रहते थे और क्षेत्र में एक मिलनसार एवं लोकप्रिय नेता के रूप में जाने जाते थे। हॉस्पिटल रोड स्थित उनकी हार्डवेयर की दुकान थी, जहां उनका प्रतिदिन लोगों से संपर्क बना रहता था। सामाजिक एवं जनहित के कार्यों में उनकी सक्रिय भागीदारी के कारण वे लोगों के बीच काफी सम्मानित थे।


उनके असामयिक निधन से राजनीतिक, सामाजिक और व्यावसायिक क्षेत्र को गहरा आघात पहुंचा है। वे अपने पीछे एक पुत्र सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं, व्यापारियों एवं शुभचिंतकों का उनके आवास पर पहुंचना शुरू हो गया। सभी ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस दुःख की घड़ी में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)