राज्य स्तरीय लोकोत्सव के संबंध में हुई बैठक

शाजापुर . नशामुक्त भारत अभियान अंतर्गत सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग एवं जिला प्रशासन शाजापुर प्रदेश के लोक कलाकारों का राज्य स्तरीय लोकोत्सव बेरछा में कर रहा है। इसके संबंध में नोडल अधिकारी एवं जिला पंचायत सीईओ संतोष टैगोर ने बेरछा में जिलाधिकारियों की बैठक लेकर आवश्यक निर्देश दिए। साथ ही तैयारी का जायजा भी लिया।
सहायक कलेक्टर शिवम यादव, संयुक्त कलेक्टर व प्रभारी सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग सत्येंद्रप्रसाद सिंह आदि मौजूद थे। सिंह ने बताया प्रदेश की समृद्ध लोक कला, लोकनृत्य, लोक गीत, लोकनाट्य का प्रदर्शन 250 से अधिक शासकीय एवं अशासकीय कलाकारों रोज रात 7 बजे से करेंगे। नशा मुक्ति के संदेश के साथ दर्शक लोकगीत, कबीर भजन, मालवी लोकनृत्य, बधाई लोकनृत्य, गीड़ी लोक नृत्य, भगोरिया लोक नृत्य, गुदुुम्ब वादन लोक नृत्य, आदि का प्रदर्शन देख सकेंगे। राज्यस्तरीय कलापथक कोरल ग्रुप नशामुक्ति एवं विभागीय योजना गीतों एवं नाटक की प्रस्तुति दी जाएगी। प्रथम दिवस कोरल ग्रुप सरस्वती वंदना, नशाबंदी लोकगीत, कबीर भजन मंडल शाजापुर कबीर भजन, गुदुम्ब वादन लोक नृत्य अशासकीय कला मंडल डिंडोरी द्वारा गुदुुम्ब वादन लोकनृत्य, जन चौपाल समाज कल्याण समिति भोपाल लोकनृत्य राई, नवयुवक मंडल बेगमगंज लोकगीतों की प्रस्तुति एवं वीर तेजाजी लोक कला मंडल थांदला झाबुआ आदिवासी लोकनृत्य भगोरिया की प्रस्तुति देगा।

आज से शुरू होगा तीन दिनी लोकोत्सव

जिले में 04 से 06 मार्च तक तीन दिनी राज्यस्तरीय लोकोत्सव मनेगा। आयोजन रात 07 से 10 बजे तक जिले के ग्राम बेरछा स्थित लक्ष्मी मैरीज गार्डन में होगा। कलेक्टर ऋजु बाफना ने बताया कि आयोजन में प्रतिभागी के रूप में 250 शासकीय एवं अशासकीय कलाकार भाग लेंगे। शुभारंभ में प्रदेश के सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग मंत्री एवं शाजापुर जिला प्रभारी नारायनसिंह कुशवाह उपस्थित रहेंगे। कलेक्टर बाफना ने कार्यक्रम की संपूर्ण व्यवस्था के लिए जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। इसके अतिरिक्त उपसंचालक सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग शाजापुर एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत शाजापुर को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। विभिन्न आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए जिले के विभिन्न विभागों के जिलाधिकारियों को दायित्व सौंपे हैं।

Leave a Reply