अभय कुमार मिश्रा, दैनिक समाज जागरण, ब्यूरो चीफ, कोल्हान झारखंड
सरायकेला खरसावां (झारखंड) 20 जुलाई 2026: सरायकेला खरसावां जिला अंतर्गत आदित्यपुर में एक बार फिर सरेआम हिंसा की घटना से दहल उठा है, आरआईटी मोड़ के समीप शाम के व्यस्त समय में एक युवक पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला किए जाने की घटना ने पूरे इलाके में भय और आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दो युवकों के बीच विवाद चल रहा था, देखते ही देखते विवाद हिंसा में बदल गया और एक युवक ने धारदार हथियार निकालकर दूसरे युवक पर ताबड़तोड़ वार शुरू कर दिए, हमलावर सड़क पर घायल युवक का पीछा करता रहा और लगातार हमला करता रहा, यह भयावह दृश्य देखकर आसपास मौजूद लोग स्तब्ध रह गए.

गंभीर रूप से घायल युवक को स्थानीय लोगों ने तत्काल आरआईटी मोड़ स्थित गंगोत्री अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत चिंताजनक देखते हुए उसे टाटा मुख्य अस्पताल रेफर कर दिया गया, राहत की बात यह रही कि घायल युवक के साथ मौजूद एक छोटा बच्चा इस हमले की चपेट में नहीं आया, अन्यथा घटना और भी दर्दनाक हो सकती थी.
लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाएं कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं, आखिर सार्वजनिक स्थानों पर अपराधियों का मनोबल इतना बढ़ कैसे रहा है? क्या अपराधियों में कानून का भय समाप्त हो चुका है? यह सवाल अब आम लोगों के बीच चर्चा का विषय बन चुका है.
स्थानीय नागरिकों ने पुलिस और जिला प्रशासन से संवेदनशील क्षेत्रों में गश्त बढ़ाने, असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है, फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आरोपी की तलाश जारी है.



