नोएडा: नोएडा के विधायक पंकज सिंह ने केन्द्र सरकार द्वारा नोएडा मेट्रो रेल परियोजना के अंतर्गत सेक्टर-142 से बोटैनिकल गार्डन तक 11.56 किमी लंबे विस्तार कॉरिडोर को मंजूरी देने पर हर्ष व्यक्त किया है। इस महत्वपूर्ण परियोजना में कुल 8 एलिवेेटेड मेट्रो स्टेशन प्रस्तावित हैं और इसकी अनुमानित लागत 2,254.35 करोड़ रुपये है। परियोजना को स्वीकृति की तिथि से चार वर्षों के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

विस्तार कॉरिडोर वर्तमान में नोएडा मेट्रो की एक्वा लाइन को बोटैनिकल गार्डन मेट्रो स्टेशन पर दिल्ली मेट्रो की ब्लू लाइन और मैजेंटा लाइन से सीधे जोड़ेगा। इससे नोएडा और ग्रेटर नोएडा के यात्रियों को दिल्ली एयरपोर्ट, प्रमुख रेलवे स्टेशनों और बस अड्डों तक तेज, निर्बाध और सुविधाजनक कनेक्टिविटी मिलेगी।
परियोजना के पूरा होने के बाद नोएडा एवं ग्रेटर नोएडा का कुल मेट्रो नेटवर्क 61.62 किमी तक विस्तारित होगा। इससे क्षेत्र की शहरी गतिशीलता में सुधार होगा और सार्वजनिक परिवहन प्रणाली और अधिक सुदृढ़ होगी।
यह कॉरिडोर सेक्टर-44, 96, 98, 105, 108 और 93 सहित कई आवासीय और व्यावसायिक क्षेत्रों को लाभान्वित करेगा। साथ ही प्रमुख शैक्षणिक एवं संस्थागत परिसरों जैसे महामाया बालिका इंटर कॉलेज, पंचशील बालक इंटर कॉलेज, एडवांट बिजनेस पार्क (सैक्टर-142), स्काईमार्क वन मॉल (सैक्टर-98), मॉल ऑफ नोएडा (सैक्टर-93) और एमिटी विश्वविद्यालय तक बेहतर पहुंच सुनिश्चित होगी। इससे आईटी और बहुराष्ट्रीय कंपनियों के कर्मचारियों को प्रतिदिन सुगम आवागमन का लाभ मिलेगा।
इस अवसर पर पंकज सिंह ने कहा कि यह परियोजना नोएडा के समग्र विकास, ट्रैफिक जाम में कमी, पर्यावरण संरक्षण, रोजगार सृजन और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण साबित होगी। मेट्रो विस्तार से कार्बन उत्सर्जन में कमी आएगी और नागरिकों को सुरक्षित, सुलभ और समयबद्ध परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी।
उन्होंने केन्द्र और राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह ऐतिहासिक निर्णय नोएडा को आधुनिक, सुव्यवस्थित और भविष्य उन्मुख शहर के रूप में स्थापित करने में मील का पत्थर साबित होगा।
नोएडामेट्रो #सेक्टर142 #बोटैनिकलगार्डन #पंकजसिंह #नोएडा #ग्रेटरनोएडा #मेट्रोविस्तार #सार्वजनिकपरिवहन #शहरीगतिशीलता #एलिवेटेडमेट्रो
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



