फिरोजपुर, 26 दिसंबर 2025:
देश सेवा की मिसाल पेश करने वाले फिरोजपुर जिले के तारावाली गांव निवासी नन्हे बच्चे श्रवण सिंह के हौसले और जज्बे को भारतीय सेना ने सलाम किया है। ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारतीय सैनिकों को पानी, बर्फ, चाय, दूध और लस्सी उपलब्ध कराने वाले श्रवण सिंह की पूरी पढ़ाई का खर्च अब भारतीय सेना उठाएगी।
श्रवण सिंह ने सीमित संसाधनों के बावजूद जिस समर्पण और निस्वार्थ भावना से सैनिकों की सेवा की, उसने पूरे देश का ध्यान अपनी ओर खींचा। उसकी इस देशभक्ति और साहस से प्रभावित होकर भारतीय सेना की गोल्डन एरो डिवीजन ने यह सराहनीय निर्णय लिया है।
सेना के अधिकारियों ने कहा कि श्रवण सिंह की मदद केवल एक बच्चे का सहयोग नहीं थी, बल्कि यह देश के प्रति उसके गहरे प्रेम और सैनिकों के प्रति सम्मान को दर्शाती है। ऐसे जज्बे को प्रोत्साहित करना सेना का नैतिक दायित्व है।
श्रवण सिंह के परिवार और गांव में इस निर्णय से खुशी की लहर है। ग्रामीणों का कहना है कि यह निर्णय न केवल श्रवण के भविष्य को सुरक्षित करेगा, बल्कि अन्य बच्चों को भी देश सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी के लिए प्रेरित करेगा।
भारतीय सेना का यह कदम यह साबित करता है कि वह केवल सीमाओं की रक्षा ही नहीं करती, बल्कि देश के सच्चे सपूतों का सम्मान और भविष्य निर्माण भी करती है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



