google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

परीक्षा केंद्र की मांग को लेकर एनएसयूआई का हल्लाबोल: ढीमरखेड़ा महाविद्यालय में तालाबंदी सदृश प्रदर्शन

कटनी। जिले के शासकीय महाविद्यालय ढीमरखेड़ा में मंगलवार को छात्र सुविधाओं को लेकर एनएसयूआई ने उग्र प्रदर्शन किया। छात्र नेता अवध यादव के नेतृत्व में सैकड़ों की संख्या में छात्र-छात्राओं ने महाविद्यालय परिसर के भीतर ही डेरा डाल दिया और कॉलेज प्रशासन की कार्यप्रणाली के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों की मुख्य मांग है कि सप्लीमेंट्री (ATKT) परीक्षाओं के लिए स्थानीय स्तर पर ही परीक्षा केंद्र बनाया जाए।



प्रदर्शन के दौरान छात्र नेता अवध यादव ने महाविद्यालय प्रशासन और विश्वविद्यालय प्रबंधन को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि ढीमरखेड़ा क्षेत्र एक ग्रामीण अंचल है। यहाँ अध्ययनरत अधिकांश छात्र-छात्राएं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से आते हैं। वर्तमान व्यवस्था के तहत, इन छात्रों को सप्लीमेंट्री परीक्षा देने के लिए करीब 70 किलोमीटर दूर जिला मुख्यालय स्थित तिलक महाविद्यालय जाना पड़ता है।
एक तो परीक्षा का मानसिक दबाव और ऊपर से इतनी लंबी दूरी का सफर, छात्राओं के लिए यह न केवल थकाने वाला है बल्कि असुरक्षित और आर्थिक बोझ डालने वाला भी है। प्रशासन की इस उदासीनता का खामियाजा गरीब छात्र भुगत रहे हैं।


प्रदर्शन के अंत में एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने महाविद्यालय के प्राचार्य के नाम एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में स्पष्ट रूप से मांग की गई है कि छात्रों के हितों को ध्यान में रखते हुए ढीमरखेड़ा महाविद्यालय को ही आगामी सप्लीमेंट्री परीक्षाओं के लिए केंद्र घोषित किया जाए।


छात्रों ने दो टूक शब्दों में चेतावनी दी है कि यदि समय रहते उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया और परीक्षा केंद्र की व्यवस्था नहीं बदली गई, तो एनएसयूआई चरणबद्ध तरीके से उग्र आंदोलन करेगी, जिसकी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)