कालिया नाग के फन पर श्री कृष्ण ने किया नृत्य
सदर संवाददाता अल्ताफ़ कादरी। समाज जागरण
सोनभद्र। कालिया नाग के फन पर कृष्ण के नृत्य की लीला को देखने के लिए लीला प्रेमियों की भीड़ उमड़ पड़ी। नगर के रामलीला प्रांगण में आयोजित रासलीला के तीसरे दिन कालिया नाग के मान मर्दन की लीला का मंचन किया गया। वृन्दावन से आए कलाकारों ने शानदार लीला का मंचन कर लीला प्रेमियों को मंत्रमुग्ध कर दिया

श्री रामलीला चल रहे रासलीला में श्रीकृष्ण मित्रों के साथ यमुना नदी के किनारे गेंद से खेल रहे थे। भगवान ने जोर से गेंद फेंकी और वो यमुना में जा गिरी। गेंद भारी होने से वो सीधे यमुना के तल पर चली गई। समस्या यह थी कि उस समय यमुना में कालिया नाग रहता था। पांच फनों वाला नाग बहुत खतरनाक और विषधर था। उसके विष से यमुना काली हो रही थी और उसी जहर के कारण गोकुल के पशु यमुना का पानी पी कर मर रहे थे। कान्हा बहुत छोटे थे, लेकिन मित्रों के जोर के कारण उन्होंने तय किया कि गेंद वो ही निकाल कर लाएंगे। कान्हा ने यमुना में छलांग लगा दी। कृष्ण ने कालिया नाग की पूंछ पकड़कर उसे मारना शुरू कर दिया। कालिया नाग अपने प्राण की रक्षा के लिए कृष्ण से दुहाई देने लगा। कृष्ण ने उसे यमुना छोड़कर समुद्र में जाने के लिए वचबद्ध किया। इसके बाद कालिया नाग के फन पर नृत्य किया। इस तरह भगवान कृष्ण ने मथुरावासियों को कालिया नाग के साथ यमुना को उसके विष से मुक्ति दिलाई। इससे पूर्व बांके बिहारी की अनुपम छटा की भव्य आरती की गई। इस अवसर पर पूर्व विधायक रमेश दुबे, अविनाश कुशवाहा, समिति के संरक्षक- जितेंद्र सिंह, संयोजक रामप्रसाद यादव, अध्यक्ष सचिन गुप्ता, महामंत्री धीरज जालान, सदस्य मनोज सिंह, सन्नु केसरी, विजय कांत मिश्र, डॉ. अनिल पांडेय, संदीप चौरसिया, विनोद केसरी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



