हेमंत की टीम में संभाग से कौन ?
समाज जागरण
विजय तिवारी।
भाजपा को हाल ही में नया प्रदेश अध्यक्ष मिल गया है। संघ की पृष्ठभूमि से आए विधायक हेमंत खंडेलवाल पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष चुने गए हैं। नए अध्यक्ष के चयन के साथ ही प्रदेश की टीम को लेकर चर्चाओं का बाजार भी गर्म हो गया है। प्रदेश की टीम में स्थान पाने दावेदारों ने अपनी भागदौड़ भी तेज कर दी है। इस बीच भाजपा की प्रदेश टीम में शहडोल संभाग की संभावनाओं की बात करें तो माना जा रहा है कि नई टीम में भी संभाग को पर्याप्त प्रतिनिधित्व मिलेगा। वर्तमान टीम में शहडोल संभाग से मात्र मनीष सिंह शामिल हैं। शहडोल से मनीषा सिंह प्रदेश मंत्री वर्तमान टीम में हैं। अगर सिर्फ शहडोल संभाग की बात करें तो वर्तमान टीम में यहां के 3 जिलों में से सिर्फ एक जिले एक पदाधिकारी बनाए गए थे। बहरहाल आने वाले समय में जब भी प्रदेश की नई टीम का गठन होगा और उसमें शहडोल संभाग के प्रतिनिधित्व की बात होगी तो विशुद्ध जातीय समीकरण वाले शहडोल संभाग से पदाधिकारी बनाते समय क्षेत्रीय और जातीय समीकरण का विशेष ध्यान दिया जाएगा।
शहडोल संभाग ने भी हमेशा दिया है साथ
शहडोल संभाग पिछले कुछ चुनाव से लगातार भाजपा के साथ खड़ा रहा है, पिछले विधानसभा और लोकसभा की ही बात करें तो विध्य की 8 में से 7विधानसभा सीटें एवं 2लोकसभा सीटें भाजपा के खाते में गई है। पार्टी ने भी इसके एवज में संभाग से एक मंत्री दिए हैं। अब बारी संगठन की है, पिछली टीम में यहां से 1पदाधिकारी थे अब देखना यह है कि भाजपा के नए अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की नई टीम में कितना प्रतिनिधित्व मिलता है?
उमरिया से दो नाम
नवनियुक्त भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की टीम में उमरिया जिले से किन नेताओं की दावेदारी हो सकती है। यदि इसकी बात की जाए तो दो नाम सामने आ सकते है। इनमें भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिला अध्यक्ष मिथिलेश मिश्रा एवं पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष एवं वरिष्ठ भाजपा नेत्री सुश्री ज्ञानवती सिंह का नाम शामिल है। हालांकि यह जरूरी नहीं कि उमरिया से किसी को प्रदेश की टीम में शामिल किया जाए। वैसे भी प्रदेश की टीम के गठन के समय क्षेत्रीय, जातीय और राजनीतिक समीकरण का ध्यान प्राथमिकता से रखा जाएगा।
अनूपपुर से 2दावेदार, प्राधिकरण के अध्यक्ष का दावा मजबूत
भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की टीम में अनूपपुर से किन लोगों को स्थान मिल सकता है, इस बात को लेकर चर्चाओं का बाजार अभी से गर्म हो गया है। हालांकि अभी प्रदेश की टीम की घोषणा में समय है लेकिन अनूपपुर से श्री खंडेलवाल की टीम में शामिल होने वाले चेहरों को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं। इन चर्चाओं में 2 नाम अभी तक सामने आए हैं। इसमें कोल विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष रामलाल रौतेल का नाम सबसे आगे है। कोल विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष यदि अपनी सहमति देते हैं तो उन्हें पार्टी का प्रदेश उपाध्यक्ष यामहामंत्री बनाया जा सकता है। पूर्व में प्रदेश उपाध्यक्ष रह भी चुके हैं इसके पीछे राजनीति के जानकारों का दावा है रामलालप्रदेश की टीम में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभा सकते हैं। इनके अलावा प्रदेश की टीम में जिन संभावित नामों के आने की संभावना जताई जा रही है उनमें भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष बृजेश गौतम का नाम भी शामिल है।
शहडोल : कमल के अलावा दो अन्य का भी दावा
संभाग के एक अन्य जिले शहडोल की बात की जाए तो यहां से 3 नेताओं की दावेदारी भी मजबूत मानी जा रही है। शहडोल जिले से जिन दो नेताओं की दावेदारी मानी जा रही है, उनमें पूर्व जिला अध्यक्ष कमल प्रताप सिंह का नाम प्रमुखता से सामने आ रहा है। कुशल संगठकों में गिने जा रहे इंद्रजीत सिंह छाबड़ा की दावेदारी भी मजबूत मानी जा रही है। छावड़ा पूर्व में दो बार भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष रह चुके हैं। पार्टी के इन दोनों नेताओं के जिला अध्यक्ष कार्यकाल में भाजपा को सफलता भी मिली है। इन दो नेताओं के अलावा पार्टी के ही पूर्व जिला अध्यक्ष अनुपम अनुराग अवस्थी का नाम भी प्रदेश पदाधिकारी के लिए चर्चाओं में है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



