google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

प्रभारी मंत्री ने झाड़ू लगाकर दिया स्वच्छता का संदेश, किया वृक्षारोपण

विजय कुमार अग्रहरी/ ब्यूरो चीफ, समाज जागरण

सोनभद्र। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे समेकित जनकल्याण एवं जनजागरूकता अभियान के तहत रविवार को जिले के प्रभारी मंत्री एवं उत्तर प्रदेश सरकार के लघु एवं सूक्ष्म उद्योग विभाग के राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने सहिजन कला स्थित चंद्रिका देवी मंदिर परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने स्वयं झाड़ू लगाकर सफाई की तथा जनपदवासियों को स्वच्छता बनाए रखने का संदेश दिया। साथ ही मंदिर परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का आह्वान भी किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष देश के विकास, सुशासन और जनकल्याण के लिए ऐतिहासिक रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास के मंत्र के साथ समाज के हर वर्ग के उत्थान के लिए कार्य किया है।

आज भारत दुनिया की तेजी से विकसित होती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है और वैश्विक स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बना चुका है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ गरीबों, किसानों, मजदूरों, महिलाओं, अनुसूचित जाति एवं जनजाति सहित समाज के सभी वर्गों तक पहुंचा है। प्रधानमंत्री जनधन योजना, स्वच्छ भारत मिशन, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, किसान सम्मान निधि, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, डिजिटल इंडिया और मुद्रा योजना जैसी अनेक योजनाओं ने लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

प्रभारी मंत्री ने जनपदवासियों से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनकी देखभाल करने की अपील करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए वृक्षारोपण बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि आज लगाए गए पौधे आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वातावरण और बेहतर जीवन प्रदान करेंगे। उन्होंने सभी विभागों से वृक्षारोपण अभियान को सफल बनाने के लिए निर्धारित लक्ष्य से अधिक पौधे लगाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में सदर विधायक भूपेश चौबे, भाजपा जिलाध्यक्ष नंदलाल गुप्ता, नगर पालिका अध्यक्ष रूबी प्रसाद, भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष पुष्पा सिंह, सभासदगण, नगर पालिका के अधिकारी, भाजपा कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)