आदिवासी सुनील त्रिपाठी/ समाज जागरण
चोपन/ सोनभद्र। चोपन ब्लॉक के सिंदुरिया ग्राम पंचायत में प्रधानमंत्री हर घर नल योजना का लाभ न मिलने से नाराज ग्रामीणों ने सोन नदी में बैठकर एक दिवसीय जल सत्याग्रह किया। ग्रामीणों का आरोप है कि अधिकारियों की लापरवाही के कारण उन्हें दूषित सोन नदी का पानी पीने को मजबूर होना पड़ रहा है।
कार्यक्रम का नेतृत्व सुरेंद्र कुमार यादव तथा आचार्य अजय पाठक ने किया। उन्होंने कहा कि वर्षों पूर्व सर्वे और पाइपलाइन के नाम पर सड़क किनारे गड्ढे खोदे गए, लेकिन आज तक घरों में नल की टोटी नहीं लगी। पूर्व में अधिकारियों द्वारा 6-7 माह में कार्य पूर्ण कराने का आश्वासन भी दिया गया था, जो अब तक अधूरा है। ग्रामीणों की प्रमुख मांगों में हर घर नल योजना के तहत तत्काल टोटी लगवाना, बंद पड़े हैंडपंप व खराब बोरिंग की मरम्मत, बखड़उर बस्ती के प्राथमिक विद्यालय में नया बोरिंग तथा जल समस्या की अनदेखी करने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई शामिल है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि 15 दिन के भीतर समस्या का समाधान न होने पर वे कमिश्नर कार्यालय तक पैदल मार्च कर भूख हड़ताल करेंगे। कार्यक्रम में मुन्नी लाल चेरो, सुरेंद्र यादव, मनीष, श्यामा, लालती सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



