शहडोल। शहडोल जिला चिकित्सालय में पदस्थ एक डॉक्टर को सोहागपुर थाने के पुलिसकर्मियों ने मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। यह घटना शुक्रवार की आधी रात को 1.30 के बाद हुई है। डॉक्टर अपने घर के पास थे। इसी दौरान नाइट अगस्त करते हुए सोहागपुर थाने के एएसआई सुभवंत चतुर्वेदी और प्रधान रक्षक हरेंद्र सिंह वहां पहुंचे। डॉक्टर से पूछा कि इतनी रात को बाहर क्यों बैठे हो, इसी बात को लेकर विवाद हो गया।
बात इतनी बढ़ गई कि पुलिसकर्मियों ने मिलकर डॉक्टर को जमकर पीट दिया। जानकारी के अनुसार जिला अस्पताल के बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. कौशलेंद्र द्विवेदी को पुलिसकर्मियों ने पीट पीट कर अधमरा कर दिया है। घटना के दौरान डाक्टर की पत्नी और पिता बचाव करने आ गए थे, लेकिन उनके सामने पुलिसकर्मी डॉक्टर की पिटाई करते रहे।
डॉक्टर की पत्नी और पिता भी बाहर आ गए
डॉक्टर द्विवेदी अपने निजी वाहन से घर जा रहे थे। घर के सामने ही सोहागपुर थाने के प्रधान आरक्षक हरेंद्र सिंह एवं एएसआई शुभवंत चतुर्वेदी इस दौरान डॉक्टर को रोककर पूछताछ करने लगे। इसी बीच किसी बात को लेकर विवाद होने लगा। डॉ. द्विवेदी की पत्नी और पिता भी बाहर निकल आए।
डॉक्टर के परिजनों का कहना है कि पुलिसकर्मी उन्हें जानवरों की तरह पीटने लगे। इसी बीच मौके पर और भी पुलिसकर्मी वहां आ गए और सबने मिलकर डॉक्टर द्विवेदी की लात-घूंसों से पिटाई की और सोहागपुर थाने लेकर चले गए। थाने के अंदर भी जमकर पीटा।
डॉक्टर को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया
पुलिसकर्मियों के पिटाई से डॉक्टर द्विवेदी को गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें इलाज के मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। मेडिकल कॉलेज में भर्ती डॉ. द्विवेदी ने बताया कि उनके साथ पुलिसवालों ने जमकर मारपीट की है, जबकि उनकी कोई गलती नहीं थी।
पुलिसकर्मी ने जो सवाल किया उसका उन्होंने जवाब दिया और अपने घर जाने के लिए बोल रहे थे। इसी दौरान पुलिसकर्मी उनके साथ मारपीट करने लगे। मारपीट करने के बाद अपने वाहन में बैठा कर थाने ले गए और वहां जमकर पीटा। बड़ी मुश्किल से थाने से परिवार वालों ने निकलवा कर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है।
जिला अस्पताल की सिविल सर्जन डॉ. शिल्पी शराब ने बताया की जिला अस्पताल में पदस्थ डॉ. कौशलेंद्र द्विवेदी के साथ मारपीट की जानकारी लगी है। यह घटना अस्पताल के बाहर हुई है, अभी कारण पता नहीं चला है।
एसपी ने कहा- दोनों पक्षों को आई चोट
पुलिस अधीक्षक राम जी श्रीवास्तव का कहना है कि पुलिसकर्मी और डॉक्टर दोनों के बीच झूमाझटकी हुई है। दोनों पक्षों को चोट लगी है, दोनों की एमएलसी कराई गई है। पुलिसकर्मियों ने डॉक्टर से पूछा कि आप बाहर क्यों बैठे हो, इसी बात को लेकर डॉक्टर बहस करने लगे और यह स्थिति बन गई।



