समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश
पटना/ जिले के गौरीचक थाना क्षेत्र स्थित अण्डारी गांव स्थित दालान से पुलिस ने हथियार और शराब के साथ 11 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि गांव के एक दलान में कुछ लोग हथियारों के साथ एकत्र होकर किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की तैयारी कर रहे हैं, जिसके बाद त्वरित कार्रवाई की गई। सूचना के सत्यापन के बाद गठित पुलिस टीम ने अण्डारी गांव में छापेमारी की. इस दौरान मौके से 11 लोगों को गिरफ्तार किया गया। तलाशी में पुलिस ने 02 देशी कट्टा, 07 जिंदा कारतूस, 01 मिस फायर कारतूस, 02 मोटरसाइकिल तथा 11.55 लीटर विदेशी शराब बरामद की है।
गिरफ्तार आरोपियों में विष्णु कुमार, अमित कुमार, सोनू कुमार उर्फ रजनीश कुमार, अमलेश कुमार, गौतम कुमार, सन्दु कुमार, रौशन कुमार, सुरजीत कुमार, बन्टी कुमार, मो. गुलाम और मनीष कुमार शामिल हैं. अधिकांश आरोपी अण्डारी गांव, थाना गौरीचक के निवासी बताए जा रहे हैं। मामले को लेकर सिटी एसपी पूर्वी परिचय कुमार एवं गौरीचक थाना अध्यक्ष सह प्रशिक्षु डीएसपी विनय रंजन ने प्रेस कांफ्रेंस कर बताया कि समय रहते कार्रवाई नहीं होती तो कोई बड़ी आपराधिक घटना हो सकती थी। उन्होंने कहा कि बरामद हथियार और शराब को लेकर आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है। ताकि इसके पीछे के नेटवर्क और सप्लाई चैन का खुलासा किया जा सके।
इस घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। ग्रामीणों का कहना है कि दलान में संदिग्ध गतिविधियां पहले भी देखी जा रही थीं जिससे लोगों में भय का माहौल था। पुलिस की इस कार्रवाई से स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है। पुलिस का कहना है कि अपराध और अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और ऐसे तत्वों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



