google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

पटना के मनेर में कृषि मंत्री के समधी के घर 15 राउंड फायरिंग

तीन घायल, दो की हालत गंभीर

समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश

पटना/ जिले के मनेर थाना क्षेत्र स्थित ब्यापुर गांव में शुक्रवार की देर रात जमीनी विवाद ने भीषण हिंसक रूप ले लिया। बिहार सरकार के कृषि मंत्री रामकृपाल यादव के समधी राजेंद्र सिंह के आवास पर दो गोतिया पक्षों के बीच हुई इस झड़प में करीब 15 राउंड फायरिंग की गई, जिससे पूरा इलाका दहल उठा। इस हिंसक वारदात में तीन लोग घायल हुए हैं, जिनमें दो की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। जानकारी के अनुसार, रात करीब 9 बजे दो पक्षों के बीच लंबे समय से चला आ रहा भूमि विवाद अचानक उग्र हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए।

गोलीबारी के साथ-साथ लाठी-डंडों, तलवारों और पत्थरों से भी हमला किया गया। इस संघर्ष में राजेंद्र सिंह के पुत्र पप्पू, मनीष उर्फ गुड्डू और नितीश उर्फ बबलू घायल हो गए। गंभीर रूप से जख्मी मनीष और नितीश को बेहतर इलाज के लिए पटना एम्स (AIIMS) में भर्ती कराया गया है, जबकि पप्पू को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। परिजनों ने मुकेश, दीपक और प्रिंस सहित कई अन्य लोगों पर सोची-समझी साजिश के तहत हमला करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद गांव में सन्नाटा पसरा है और लोग दहशत के साये में हैं।

सूचना मिलते ही मनेर थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन पुलिस के आने से पहले ही हमलावर फरार होने में सफल रहे। मनेर थानाध्यक्ष रजनीश ने बताया कि आपसी विवाद में गोलीबारी की घटना हुई है। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। उन्होंने कहा की दोषियों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है। फिलहाल, गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)