google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

22 भर्तियों में 11,514 पीडीए आरक्षित सीटों की लूट, संविधान और आरक्षण दोनों खतरे में :- राम निहोर यादव*


विजय कुमार अग्रहरी/ ब्यूरो चीफ समाज जागरण

सोनभद्र। समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय पर मंगलवार को आयोजित प्रेस वार्ता में पार्टी नेताओं ने भाजपा सरकार पर आरक्षण व्यवस्था को कमजोर करने का आरोप लगाया। जिलाध्यक्ष रामनिहोर यादव ने कहा कि प्रदेश की 22 भर्ती परीक्षाओं में पीडीए वर्ग की 11,514 आरक्षित सीटों की लूट हुई है, जो सामाजिक न्याय और संविधान की मूल भावना पर सीधा हमला है।



उन्होंने कहा कि आरक्षण केवल रोजगार का साधन नहीं बल्कि सामाजिक समानता स्थापित करने का संवैधानिक अधिकार है। विभिन्न सरकारी भर्तियों में आरक्षण नियमों का समुचित पालन नहीं किए जाने से पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग के हजारों अभ्यर्थियों को नुकसान उठाना पड़ा है। समाजवादी पार्टी द्वारा चलाए जा रहे पीडीए जागरूकता अभियान और आरक्षण ऑडिट के दौरान अनेक अनियमितताएं सामने आई हैं। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी पीडीए समाज के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी।

इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व विधायक अविनाश कुशवाहा ने कहा कि भाजपा सरकार संविधान की भावना के विपरीत कार्य कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों के कारण आरक्षित वर्ग के युवाओं को उनके अधिकारों से वंचित होना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी सामाजिक न्याय, समान अवसर और आरक्षण की रक्षा के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी। पीडीए समाज को जागरूक कर उनके अधिकारों की लड़ाई को और मजबूत किया जाएगा।

प्रदेश सचिव चौधरी यशवंत सिंह पटेल ने कहा कि आरक्षण व्यवस्था पर किसी भी प्रकार का आघात बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सरकार को आरक्षण से जुड़े सभी मामलों की निष्पक्ष जांच करानी चाहिए और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए।

नेताओं ने कहा कि आज पीडीए आरक्षण और संविधान दोनों खतरे में हैं। इसलिए समाजवादी पार्टी गांव-गांव और बूथ स्तर तक अभियान चलाकर लोगों को जागरूक करेगी तथा आरक्षण बचाने के लिए व्यापक जनआंदोलन खड़ा करेगी।

प्रेस वार्ता में मुनीर अहमद, पूर्व जिलाध्यक्ष संजय यादव, विजय यादव, जिला महासचिव मोहम्मद सईद कुरैशी, सुनील गौड़, मनु पांडेय, परमेश्वर यादव, अशोक पटेल, अनिल प्रधान, सुभाष यादव, फारूक अली, जिलानी, कृष्णा पंडित सहित दर्जनों पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)