समाज जागरण/ अवधेश कुमार गुप्ता
सोनभद्र। जनपद के म्योरपुर थाना क्षेत्र में हुई हत्या की एक सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए मृतक के पुत्र को ही हत्यारा गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि जिस युवक ने अपने पिता की हत्या के बाद अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था, वही अपने पिता का कातिल निकला। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त सर्जिकल ब्लेड, खूनालूदा पत्थर, मोटरसाइकिल की चाबी तथा खून लगे कपड़ों की जली हुई राख भी बरामद कर ली है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने बताया कि थाना म्योरपुर क्षेत्र के ग्राम कुण्डाडीह निवासी राजदेव सिंह की 29 मई को हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद मृतक के पुत्र रवि कुमार ने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की और साक्ष्य संकलन, तकनीकी विश्लेषण तथा संबंधित लोगों से पूछताछ की। जांच के दौरान पुलिस को रवि कुमार की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। जब उससे गहन पूछताछ की गई तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी ने बताया कि उसके पिता के एक महिला से अवैध संबंध थे, जिसका परिवार और गांव के कई लोग विरोध करते थे। कई बार समझाने के बावजूद उसके पिता उस महिला से संबंध समाप्त नहीं कर रहे थे। इसी बात को लेकर परिवार में लगातार विवाद होता था और वह मानसिक रूप से बेहद आक्रोशित था। पुलिस के अनुसार 29 मई को रवि कुमार ने योजनाबद्ध तरीके से अपने पिता को जमीन दिखाने के बहाने जंगल की ओर बुलाया। सुनसान स्थान पर पहुंचने के बाद उसने पहले अपने पिता को काबू करने का प्रयास किया और फिर पत्थर से उनके सिर पर वार कर दिया। इसके बाद सर्जिकल ब्लेड से गले पर हमला कर उनकी हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने साक्ष्य मिटाने का प्रयास किया और पुलिस को गुमराह करने के लिए खुद ही अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया।
एसपी अभिषेक वर्मा ने बताया कि आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त सर्जिकल ब्लेड, खून से सना पत्थर, मोटरसाइकिल की चाबी तथा खून लगे कपड़ों की जली हुई राख बरामद की गई है। पुलिस ने मामले में आवश्यक वैधानिक साक्ष्य एकत्र कर लिए हैं और आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय भेजा जा रहा है। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि मामले में मजबूत साक्ष्यों के आधार पर न्यायालय में प्रभावी पैरवी की जाएगी, ताकि आरोपी को कठोर सजा दिलाई जा सके। इस पूरे मामले के सफल अनावरण में म्योरपुर पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिसकी सराहना की जा रही है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



