समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश
पटना/ पटना पुलिस ने बिहटा थाना क्षेत्र में वाहन चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने एक हथियारबंद युवक को गिरफ्तार कर बड़ी घटना को अंजाम देने की आशंका को नाकाम कर दिया। गिरफ्तार युवक के पास से देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है। पुलिस को शक है कि वह किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने के इरादे से निकला था। घटना बिहटा थाना क्षेत्र के देवकुली बांध के पास की है, जहां सोमवार देर रात पुलिस टीम वाहनों की सघन जांच कर रही थी। इसी दौरान एक पल्सर 220 बाइक पर सवार युवक पुलिस टीम को देख अचानक भागने लगा। संदिग्ध गतिविधि देखते ही पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे दौड़ाकर पकड़ लिया। पकड़े गए युवक की जब तलाशी ली गई, तो पुलिस को उसके कमर से एक देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस मिला। पूछताछ के दौरान युवक की पहचान मनेर थाना क्षेत्र के लोदीपुर गांव निवासी गोलू कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने मौके से उसकी बाइक को भी जब्त कर लिया है। बिहटा थाना पुलिस को आशंका है कि युवक किसी संगीन अपराध को अंजाम देने की फिराक में था। पुलिस अब उसके मोबाइल की भी जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह किसके संपर्क में था और उसकी मंशा क्या थी। पुलिस गिरफ्तार युवक के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है। बिहटा थानाध्यक्ष ने बताया कि पटना के वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले भर में वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है, ताकि शहर में कानून-व्यवस्था को दुरुस्त किया जा सके और आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके। इसी कड़ी में देवकुली बांध के पास देर रात चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। फिलहाल गिरफ्तार युवक गोलू कुमार से पूछताछ जारी है। पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि उसके पास हथियार कहां से आए और वह किन-किन आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है। सूत्रों के अनुसार, युवक पहले भी आपराधिक मामलों में लिप्त रहा हो सकता है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि समय रहते आरोपी की गिरफ्तारी कर ली गई, जिससे संभावित गंभीर घटना को रोका जा सका। आने वाले दिनों में इस तरह के अभियान और तेज किए जाएंगे ताकि अपराधियों पर लगाम लगाई जा सके और आम नागरिक खुद को सुरक्षित महसूस कर सकें। पुलिस अब मामले की तह तक जाने के लिए तकनीकी विश्लेषण, मोबाइल कॉल डिटेल और नेटवर्क जांच में जुट गई है। साथ ही, अन्य संदिग्धों की भी पहचान करने की कोशिश की जा रही है जो इस युवक से जुड़े हो सकते हैं।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



