google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

पटना के फतुहा में पुलिस मुठभेड़ के दौरान एक अपराधी को लगी गोली

समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश

पटना/ शनिवार की सुबह पटना के फतुहा अनुमंडल क्षेत्र अंतर्गत खुसरूपुर थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी। पुलिस ने एक कुख्यात अपराधी अंगेश कुमार को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। अंगेश पर हत्या के प्रयास, लूट और अवैध हथियार रखने जैसे संगीन आरोप पहले से ही दर्ज थे। खुफिया सूचना पर पुलिस की यह कार्रवाई हुई, जिसमें अपराधी को पकड़ने के दौरान फायरिंग भी हुई और उसे गोली लग गई। पटना एसएसपी अवकाश कुमार के अनुसार, खुसरूपुर थाना क्षेत्र में पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि अंगेश कुमार क्षेत्र में कहीं छिपा हुआ है। इसके बाद थानाध्यक्ष के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित कर क्षेत्र में छापेमारी की गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर थाने लाया और उससे पूछताछ की। पूछताछ के दौरान अंगेश ने पुलिस को बताया कि उसने हाल में लूटा गया सामान कहां छिपा कर रखा है। लूटा गया सामान बरामद करने के लिए पुलिस जब अंगेश को लेकर बताई गई जगह पर पहुंची, तो वहां हालात अचानक बदल गए। अंगेश ने एक बार फिर अपनी आपराधिक मानसिकता का परिचय दिया और मौके से भागने की कोशिश की। इतना ही नहीं, उसके पास छिपाए गए हथियार भी थे जिनका उपयोग कर उसने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। यह देख पुलिसकर्मी सतर्क हो गए और उन्होंने पहले उसे समझाने का प्रयास किया।पुलिस की चेतावनी को नजरअंदाज कर अंगेश लगातार गोलियां चलाता रहा, जिससे पुलिस टीम की जान खतरे में पड़ गई। आखिरकार पुलिस को मजबूरन जवाबी कार्रवाई करनी पड़ी, जिसमें अंगेश के पैर में गोली लग गई। घायल अवस्था में उसे तुरंत काबू में लेकर प्राथमिक उपचार के लिए खुसरूपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे बेहतर इलाज के लिए पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल (पीएमसीएच) रेफर कर दिया गया।
एसएसपी ने बताया कि अंगेश कुमार लंबे समय से पुलिस के रडार पर था और उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, डकैती, लूटपाट, आर्म्स एक्ट जैसे कुल डेढ़ दर्जन से ज्यादा मामले दर्ज हैं। वह इलाके में दहशत फैलाने के लिए कुख्यात था और कई बार फरार होकर पुलिस को चकमा देता रहा है। उसकी गिरफ्तारी से इलाके में अपराधियों के बीच खौफ का माहौल है।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)