समाज जागरण अनिल कुमार
हरहुआ वाराणसी
महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर हरहुआ में भव्य शिव बारात का आयोजन श्रद्धा और उल्लास के साथ निकाला गया। शिव बारात हरहुआ बाजार से निकाली गई जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
ढोल-नगाड़ों और डीजे की भक्तिमय धुनों पर शिव भक्त नाचते-गाते आगे-आगे चल रहे थे, जिससे पूरा क्षेत्र ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयघोष से गूंज उठा।
बारात में कई श्रद्धालुओं ने भूत-प्रेत और शिवगणों का रूप धारण कर आकर्षक प्रस्तुति दी। वहीं शिव एवं माता पार्वती के स्वरूप में सजे कलाकारों ने मनमोहक शिव तांडव नृत्य प्रस्तुत किया जिससे दर्शक भाव-विभोर हो उठे।
शिव बारात कोईराजपुर मोड़ से प्रारंभ होकर हरहुआ बाजार, मंशापुर, दासेपुर और बैजलपट्टी होते हुए हरहुआ चौराहे पर संपन्न हुई। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर बारात व झांकी का स्वागत किया। कई स्थानों पर जलपान और प्रसाद की भी व्यवस्था की गई थी।जहां भक्तों ने छककर आनन्द लिया।
हरहुआ चौराहे पर शिव भक्तों का विशेष सम्मान किया गया। स्थानीय नागरिकों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने माला पहनाकर श्रद्धालुओं का स्वागत किया तथा शीतल पेय व नाश्ते की व्यवस्था की।
डीजे की धुन पर युवा वर्ग भी पूरे उत्साह के साथ झूमता नजर आया। देर शाम तक शिव बारात का उल्लास और भक्तिमय वातावरण बना रहा, जिससे क्षेत्र में महाशिवरात्रि का पर्व श्रद्धा और आनंद के साथ मनाया गया। सुरक्षा व्यवस्था की कमान चौकी प्रभारी हरहुआ विवेकानंद द्विवेदी ,रविन्द्र नाथ दुबे, उपनिरीक्षक के0 के0 वर्मा के देखरेख में दीवान सुरेश विश्वकर्मा ,विवेक सिंह, अभिषेक कुमार,लालजी,मुकेश,नीरज राय कांस्टेबल लगे रहे।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



