तीन कारतूस के साथ कथित नेता गिरफ्तार
समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश
पटना/ जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षा जांच के दौरान सीआईएसएफ ने एक यात्री के पास से तीन जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इस घटना के बाद एयरपोर्ट परिसर में हड़कंप मच गया और सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया है। हिरासत में लिए गए व्यक्ति की पहचान फुलवारी शरीफ निवासी सैयद मोहसिन अली के रूप में हुई है। वह इंडिगो की उड़ान संख्या 6E-1892 से पटना से दिल्ली जाने की तैयारी में था। बोर्डिंग से पहले जब उसके सामान की एक्स-रे मशीन से स्कैनिंग की गई, तो बैग के भीतर तीन कारतूस दिखाई दिए। सुरक्षा कर्मियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे हिरासत में लिया और हवाई अड्डा थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
प्रारंभिक पूछताछ में मोहसिन अली ने खुद को एक राजनीतिक दल का नेता बताया है। उसने पुलिस को दलील दी कि वह अपने बीमार भाई को हृदय रोग के इलाज के लिए दिल्ली ले जा रहा था। पुलिस ने मानवीय आधार पर उसके भाई और परिजनों को पूछताछ के बाद जाने दिया, लेकिन कारतूस रखने के आरोप में मोहसिन को रोक लिया गया। हवाई अड्डा थानाध्यक्ष सुनील कुमार जायसवाल ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपी से कारतूस के लाइसेंस और संबंधित वैध दस्तावेज मांगे गए हैं। पुलिस इस बात की गहनता से जांच कर रही है कि प्रतिबंधित क्षेत्र में कारतूस ले जाने के पीछे उसका वास्तविक उद्देश्य क्या था। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यदि वह वैध कागजात पेश नहीं कर पाता है, तो शस्त्र अधिनियम के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, एयरपोर्ट पर सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



