आक्रोशित अभिभावकों ने गेट पर दिया धरना, आमरण अनशन की चेतावनी
समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश
पटना/ आईआईटी पटना परिसर में संचालित फाउंडेशन एकेडमी के भविष्य को लेकर चल रहा विवाद अब गरमाता जा रहा है। स्कूल के अचानक बंद होने और परिसर में प्रवेश पर लगी रोक से नाराज करीब 800 छात्रों के अभिभावकों का गुस्सा गुरुवार को फूट पड़ा। बड़ी संख्या में अभिभावकों ने संस्थान के गेट नंबर–1 पर एकत्रित होकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
धरने पर बैठे अभिभावकों ने दो टूक शब्दों में कहा कि आईआईटी पटना और फाउंडेशन एकेडमी के बीच का कानूनी विवाद न्यायालय में विचाराधीन है। अभिभावकों का तर्क है कि जब पटना उच्च न्यायालय ने फिलहाल स्कूल संचालन जारी रखने का आदेश दिया है, तो प्रशासन द्वारा बच्चों को शिक्षा से वंचित करना न्यायसंगत नहीं है।प्रदर्शन कारियों ने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा की संस्थान आपस में कोर्ट में लड़ें, लेकिन इसका खामियाजा हमारे बच्चों को नहीं भुगतना चाहिए। उनकी पढ़ाई बर्बाद करना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
अभिभावकों का आरोप है कि प्रवेश द्वार पर रोक लगाए जाने के कारण बच्चों की नियमित कक्षाएं पूरी तरह प्रभावित हो रही हैं। सत्र के बीच में इस तरह की बाधा से छात्रों के करियर और मानसिक स्थिति पर बुरा असर पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि न्यायालय के अंतिम फैसले तक स्कूल का संचालन सुचारू रूप से बहाल किया जाए।
इस प्रदर्शन के दौरान अभिभावकों ने साफ कर दिया कि वे अपने बच्चों का भविष्य दांव पर नहीं लगने देंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही इस समस्या का समाधान नहीं निकाला गया और छात्रों के लिए स्कूल के रास्ते नहीं खोले गए, तो यह आंदोलन और उग्र रूप लेगा। अभिभावकों ने सामूहिक रूप से आमरण अनशन पर बैठने की बात भी दोहराई है। फिलहाल, गेट पर तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है और अभिभावक अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं। अब देखना यह है कि आईआईटी प्रशासन और संबंधित विभाग इस पर क्या रुख अपनाते हैं।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



