विजय कुमार अग्रहरी ब्यूरो चीफ सोनभद्र/ समाज जागरण
छत्तीसगढ़ पुलिस ने उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में पशु तस्करों के एक वाहन को पकड़ा है, बसंतपुर थाने की पुलिस ने पीछा करते हुए इस वाहन को बीजपुर थाना क्षेत्र के अंजानी पिपरहर मोड़ पर रोका। हालांकि, चालक मौके पर वाहन छोड़कर फरार हो गया। उच्चाधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद पशुओं से लदे इस वाहन को छत्तीसगढ़ पुलिस को सौंप दिया गया। बसंतपुर थाने के टीआई जितेंद्र सोनी ने बताया कि उन्हें मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक डीसीएम वाहन में भैंसों को भरकर उत्तर प्रदेश के रास्ते ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही थाने की पुलिस टीम ने तत्काल वाहन का पीछा करना शुरू कर दिया। तस्कर यूपी के रास्ते महुअरिया से बीजपुर थाना क्षेत्र की ओर भागने लगे।
पिपरहर मोड़ पर खुद को घिरा देखकर चालक ने गाड़ी खड़ी कर दी और मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर बीजपुर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और वाहन को कब्जे में लेना चाहा। चूंकि पशुओं की तस्करी छत्तीसगढ़ से की गई थी, इसलिए क्षेत्राधिकार को लेकर कुछ भ्रम की स्थिति उत्पन्न हुई। बाद में, दोनों राज्यों के उच्चाधिकारियों के बीच बातचीत के बाद वाहन को छत्तीसगढ़ के बसंतपुर थाने को सौंप दिया गया।
सोनभद्र जनपद के बीजपुर थाना क्षेत्र के बखरिहवां में ट्रक का पंजीकरण नंबर यूपी 70 एमटी6909 बताया जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक में पशुओं को ढककर ले जाया जा रहा था और उनकी स्थिति चिंताजनक प्रतीत हो रही थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग से पहले भी संदिग्ध वाहनों की आवाजाही देखी गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से इस मामले में कठोर कार्रवाई की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके। पुलिस फरार चालक की तलाश कर रही है और मामले की आगे की जांच जारी है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



