ब्यूरो चीफ विजय कुमार अग्रहरी/ समाज जागरण
सोनभद्र। बभनी थाना क्षेत्र के चक चपकी कारीडांड गांव में बुधवार रात अंगीठी की आग से एक 70 वर्षीय वृद्ध महिला जिंदा जल गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवा दिया। मृतका की पहचान राजकुंवर (70) पत्नी जद्दू गोंड के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, राजकुंवर को दो दिन पहले लकवा मार गया था। वह घर के अंदर चारपाई पर पुआल और बिस्तर डालकर सो रही थीं। चारपाई के बगल में एक जलती हुई अंगीठी रखी थी। रात में किसी समय अंगीठी से निकली चिंगारी ने बिस्तर में आग पकड़ ली और आग तेजी से फैल गई। घर के अन्य सदस्य दूसरे कमरे में सो रहे थे। धुएं की गंध आने पर वे कमरे में भागे और जलती हुई चारपाई देखकर दंग रह गए। परिजनों ने तुरंत आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक महिला की मौत हो चुकी थी। उनकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना जिला पंचायत सदस्य और ग्राम प्रधान को दी।
गुरुवार सुबह बभनी पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक कमलेश पाल पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक कमलेश पाल ने बताया कि मृतका के पुत्र रामजीत की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया गया है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



