वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो किशनगंज।
12 मार्च।
जिले में घरेलू गैस सिलेंडर की कमी को लेकर फैल रही भ्रामक खबरों के बीच जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किशनगंज में घरेलू उपयोग के लिए रसोई गैस की पर्याप्त उपलब्धता है। आम उपभोक्ताओं को घबराने अथवा गैस एजेंसियों के यहां अनावश्यक भीड़ लगाने की आवश्यकता नहीं है।
जिला पदाधिकारी विशाल राज ने बताया कि जिले में वर्तमान में लगभग 9000 गैस सिलेंडर उपलब्ध हैं और इसकी निरंतर आपूर्ति हो रही है। जिले में कुल 33 गैस डिस्ट्रीब्यूटर कार्यरत हैं, जिनमें आईओसीएल के 15, एचपीसीएल के 9 तथा बीपीसीएल के 9 डिस्ट्रीब्यूटर शामिल हैं। उपलब्ध गैस में लगभग 98 प्रतिशत घरेलू गैस तथा 2 प्रतिशत कमर्शियल गैस है, जिससे घरेलू उपभोक्ताओं की आवश्यकताओं की पूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।
उपभोक्ताओं की सुविधा और गैस वितरण व्यवस्था को सुव्यवस्थित बनाए रखने के उद्देश्य से सरकार द्वारा यह व्यवस्था लागू की गई है कि किसी भी घरेलू उपभोक्ता को अंतिम गैस सिलेंडर की डिलीवरी के 25 दिनों के बाद ही अगले सिलेंडर की बुकिंग करने की अनुमति होगी। बुकिंग दर्ज होने के बाद 2 से 3 दिनों के भीतर गैस सिलेंडर की आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।
खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग द्वारा गैस आपूर्ति और वितरण व्यवस्था की लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि सभी उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध हो सके। साथ ही जिले में गैस की कालाबाजारी रोकने के लिए विशेष धावा दल का गठन किया गया है, जो समय-समय पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई करेगा।
जिला प्रशासन ने आम उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे धैर्य बनाए रखें, अफवाहों पर ध्यान न दें तथा गैस एजेंसियों के यहां अनावश्यक भीड़ न लगाएं। घरेलू गैस वितरण प्रणाली को सुचारु और पारदर्शी बनाए रखने के लिए प्रशासन द्वारा लगातार आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।



