google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

शांतिनगर में हाईवा से गाय को टक्कर लगने के बाद ग्रामीणों का जाम समाप्त, एनटीपीसी प्रबंधन से बनी सहमति

समाज जागरण/ सन्तोष कुमार

बीजपुर/ सोनभद्र। बीजपुर के शांतिनगर में राखड़ लदे हाईवा की टक्कर से गाय के घायल होने के मामले में मंगलवार सुबह से जारी ग्रामीणों का जाम बुधवार दोपहर करीब एक बजे समाप्त हो गया। ग्रामीणों के विरोध के बाद एनटीपीसी के अधिकारी मौके पर पहुँचे। इसके बाद समाजसेवी अमरेश तिवारी की पहल पर ग्रामीणों और एनटीपीसी प्रबंधन के बीच वार्ता हुई। वार्ता के दौरान कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर सहमति बनी, जिसके बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त कर दिया।

समझौते के अनुसार, दुर्घटना में घायल गाय के उपचार एवं क्षतिपूर्ति के लिए 40 हजार रुपये दिलाने पर सहमति बनी। इसके साथ ही शांतिनगर क्षेत्र में वाहनों की तेज रफ्तार पर नियंत्रण के लिए जगह-जगह ब्रेकर बनवाने का आश्वासन दिया गया। ग्रामीणों ने राखड़ परिवहन के दौरान धूल उड़ने की समस्या भी उठाई, जिस पर क्षेत्र में नियमित रूप से पानी का छिड़काव दिन में छह बार कराने पर सहमति बनी।

वार्ता में सुबह सात बजे से नौ बजे तक राखड़ वाहनों के आवागमन पर निर्धारित प्रतिबंध का पालन कराने तथा वाहनों की गति सीमा नियंत्रित रखने पर भी सहमति बनी। ग्रामीणों का कहना था कि इन नियमों का प्रभावी ढंग से पालन होने से दुर्घटनाओं पर अंकुश लगेगा और स्थानीय लोगों को धूल से होने वाली परेशानी से राहत मिलेगी।

इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। वार्ता में स्थानीय प्रतिनिधि पूर्व जिला पंचायत केदार यादव, शिवधारी गुप्ता, उदय पाल, मानवाधिकार से धर्मेंद्र यादव सहित स्थानीय पत्रकार भी शामिल रहे। समाजसेवी अमरेश तिवारी ने दोनों पक्षों के बीच बातचीत कराते हुए समस्या के समाधान की पहल की।

ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि वार्ता में बनी सहमति का समयबद्ध तरीके से पालन किया जाएगा, जिससे क्षेत्र में राखड़ परिवहन के कारण उत्पन्न समस्याओं से राहत मिलेगी और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सकेगी।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)