संवाददाता अरुण पांडेय गुरूजी/ दैनिक समाज जागरण
घोरावल/ सोनभद्र। स्थानीय ग्रीनफील्ड पब्लिक स्कूल सिरसांई में चल रही वेदगायन और सामान्य वेदज्ञान कार्यशाला के तीसरे दिन का प्रारम्भ मां वीणापाणि की आराधना से प्रारम्भ हुआ, इसके बाद छात्रों ने वैदिक रीति से एक दूसरे को तिलक लगाया। कार्यशाला में सर्वप्रथम छात्रों ने शान्तिपाठ कर विश्व में शान्ति हेतु ईश्वर से प्रार्थना की। कार्यशाला के जनपदीय समन्वयक दीनबन्धु त्रिपाठी ने बताया कि आज तीसरे दिन की कार्यशाला में अग्नि, जल, वायु और नवग्रह के मंत्रों को सिखाया जायेगा और चारो वेदों की प्रमुख शाखाओं पर चर्चा की जायेगी। मुख्य प्रशिक्षक विनोद तिवारी ने बडे ही ओज के साथ इन मंत्रों का वाचन कर, वेदों में इसके महत्व को बताया, उनके द्वारा चारो वेदों की प्रमुख शाखाओं पर चर्चा की गयी। वेदों के मन्त्रों के सस्वर वाचन में हारमोनियम प्रशिक्षक के रूप में अशोक चौबे व ढोलक वादक के रूप मेंआनन्द पाण्डेय ने अपनी प्रस्तुति दी। सम्पूर्ण ब्यवस्था ग्रीन फील्ड पब्लिक स्कूल के मैनेजिंग डाइरेक्टर अनुराग पाण्डेय जी के सानिध्य में सम्पादित हो रही।छात्रों के अन्दर वैदिक मन्त्रों के सीखने व गायन की जिज्ञासा प्रबल रूप से देखी गयी। अन्त में वैदिक राष्ट्रगान के साथ तीसरे दिन की कार्यशाला समाप्त हुयी। बताते चलें कि संस्कृति विभाग उत्तरप्रदेश के तत्वावधान में अन्तर्राष्ट्रीय रामायण एवं वैदिक शोध संस्थान अयोध्या के निर्देशन में संस्कार भारती व एडूलीडर्स के सहयोग से रामायण अभिरूचि कार्यशाला के अन्तर्गत वेदगायन व सामान्य वेदज्ञान कार्यशाला चल रही है। कार्यशाला में कुल एक सौ इक्कीस बच्चे प्रतिभाग कर रहे।