google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

अमर शहीद सरदार उधम सिंह के जन्मदिवस पर रक्तदान से दी गई सच्ची श्रद्धांजलि*

सीआईएसएफ कमांडेंट सतीश कुमार सिंह के नेतृत्व में ओबरा में हुआ स्वैच्छिक रक्तदान शिविर

ब्यूरो चीफ सोनभद्र/ समाज जागरण

सोनभद्र/ओबरा। कमांडेंट सतीश कुमार सिंह ने स्वयं रक्तदान कर दिया सेवा और राष्ट्रभक्ति का संदेश
आजादी के दीवाने अमर शहीद सरदार उधम सिंह जी के जन्मदिवस के पावन अवसर पर उत्सव ट्रस्ट द्वारा पटेल स्मृति केंद्र, ओबरा में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर राष्ट्रभक्ति, सेवा और मानवता का उत्कृष्ट उदाहरण बना।


कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सतीश कुमार सिंह, कमांडेंट, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) इकाई ओटीएचपीपी ओबरा द्वारा फीता काटकर एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। रक्तदान के प्रति जनमानस को प्रेरित करने के उद्देश्य से कमांडेंट श्री सिंह ने स्वयं रक्तदान कर एक प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया। उनके साथ सीआईएसएफ इकाई के अधिकारियों एवं बल सदस्यों ने भी स्वेच्छा से रक्तदान कर जरूरतमंदों के जीवन रक्षण में योगदान दिया।
इस अवसर पर कमांडेंट सतीश कुमार सिंह ने अमर शहीद सरदार उधम सिंह के अद्वितीय बलिदान को स्मरण करते हुए कहा कि उन जैसे वीर सपूतों के त्याग और संघर्ष के कारण ही आज हम स्वतंत्र भारत में सांस ले पा रहे हैं। उन्होंने देशवासियों से आह्वान किया कि वे राष्ट्र को विश्व पटल पर सशक्त एवं सम्मानित बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत रहें। यही वीर शहीदों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
कार्यक्रम में सहायक कमांडेंट आनंद कुमार नारा, डॉ. अजय कुमार शर्मा (निदेशक, उत्सव ट्रस्ट), नगर के अनेक गणमान्य नागरिक तथा सीआईएसएफ इकाई ओटीएचपीपी ओबरा के बल सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने स्वैच्छिक रक्तदान कर नगरवासियों को इस पुनीत कार्य के लिए आगे आने की प्रेरणा दी।
यह रक्तदान शिविर न केवल शहीद सरदार उधम सिंह को श्रद्धांजलि था, बल्कि मानव सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी का सशक्त संदेश भी बनकर उभरा।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)