अनुभूति कार्यक्रम: तुर्रापानी (गोदावल) में प्रकृति की पाठशाला  विधायक शरद कोल  ने बच्चों को दी प्रकृति संरक्षण की सीख


शहडोल: मध्य प्रदेश शासन, वन विभाग के तत्वावधान में वनमण्डल उत्तर शहडोल के परिक्षेत्र गोदावल अंतर्गत तुर्रापानी में एक दिवसीय ‘अनुभूति’ जागरूकता शिविर का भव्य एवं सफल आयोजन किया गया। इस शिविर में शासकीय हाई स्कूल टिहकी के कुल 126 छात्र-छात्राओं ने प्रकृति को करीब से जानने के लिए उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में ब्यौहारी विधानसभा के माननीय विधायक श्री शरद जुगलाल कोल उपस्थित रहे।

उनके साथ नगर पंचायत अध्यक्ष श्री राजन गुप्ता, बरकछ के सरपंच श्री दादूराम कोल जी, समाजसेवी एवं पर्यावरण प्रेमी श्री मुन्नू सिंह जी तथा श्री विकास चतुर्वेदी विशेष रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें पर्यावरण का सच्चा रक्षक बनने के लिए प्रेरित किया।
शिविर की शुरुआत सुबह पक्षी दर्शन और नेचर ट्रेल भ्रमण से हुई। मास्टर ट्रेनर्स और वन विभाग के अमले ने बच्चों को जंगल के भीतर ले जाकर विभिन्न पक्षियों की आवाजों, उनके व्यवहार और दुर्लभ औषधीय पौधों की जानकारी दी। बच्चों ने वन्यजीव पारिस्थितिकी और प्रकृति के संतुलन को प्रत्यक्ष रूप से समझा।


भ्रमण के पश्चात बच्चों के लिए पर्यावरण और वन्यजीवों पर आधारित क्विज (प्रश्न मंच) प्रतियोगिता आयोजित की गई। बच्चों ने न केवल प्रश्नों के उत्तर दिए, बल्कि प्रकृति प्रेम से संबंधित सुमधुर गायन और आकर्षक चित्रकला के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेताओं को अतिथियों द्वारा पुरस्कृत किया गया।


वन विभाग द्वारा सभी प्रतिभागियों के लिए स्वल्पाहार एवं दोपहर के भोजन की समुचित व्यवस्था की गई थी। कार्यक्रम के समापन पर प्रशिक्षु सहायक वन संरक्षक श्री विजेंद्र सिंह, प्रशिक्षु वनक्षेत्रपाल श्री अरुण उपाध्याय और वन विभाग के स्टाफ की उपस्थिति में सभी बच्चों को ‘मिशन लाइफ’ (Mission LiFE) के तहत शपथ दिलाई गई। बच्चों ने जल संरक्षण, प्लास्टिक का त्याग और पर्यावरण के अनुकूल जीवनशैली अपनाने (Pro-Planet People बनने) का संकल्प लिया।


इस पूरे आयोजन में गोदावल परिक्षेत्र के समस्त अधिकारियों और कर्मचारियों की सक्रिय भूमिका रही, जिन्होंने बच्चों को वनों के महत्व और वन्यप्राणी संरक्षण के तकनीकी पहलुओं से अवगत कराया।

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)