दैनिक समाज जागरण/पंकज राघव
संभल। केंद्रीय विश्वविद्यालय प्रवेश परीक्षा (CUET-UG) में बाल विद्या मंदिर, संभल के छात्र अविरल मदान ने शानदार सफलता अर्जित की है। अविरल ने कुल 1000 में से 918 अंक प्राप्त किए हैं, जो इस परीक्षा में असाधारण उपलब्धि मानी जा रही है। उन्होंने Economics में 100 परसेंटाइल, Accounts में 99.86 परसेंटाइल, Business Studies में 98.86 परसेंटाइल तथा English में 97.49 परसेंटाइल प्राप्त किए हैं।
अविरल ने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने शिक्षकों श्री मनोज पोद्दार, श्रीमती खुशबू गुप्ता, श्री रमांशु, श्री नितिन वर्मा एवं श्री मनमोहन संखधार को दिया। उन्होंने बताया कि इन सभी शिक्षकों ने न केवल विषयवस्तु में मार्गदर्शन दिया, बल्कि हर मोड़ पर भावनात्मक सहयोग भी प्रदान किया, जिससे वह इस उपलब्धि को हासिल कर सके। अविरल की माता श्रीमती नविता मदान ने इस सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए शिक्षकों का आभार जताया और कहा कि शिक्षकगणों के समर्पण और मार्गदर्शन ने अविरल के व्यक्तित्व को निखारने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई।

विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री मनीष पंवार ने बताया कि अविरल मदान ने वर्ष 2024-25 में सीबीएसई कक्षा 12वीं की परीक्षा में 98.4% अंक प्राप्त कर जिले में प्रथम स्थान प्राप्त किया था। उन्होंने स्कूल के छात्र मंत्रिमंडल में हेड बॉय के रूप में कार्य करते हुए कई आयोजनों का सफल संचालन किया और नेतृत्व क्षमता का परिचय दिया। अविरल की यह सफलता न केवल उनके परिवार, विद्यालय और शिक्षकों के लिए गर्व का विषय है, बल्कि जिले के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी एक प्रेरणा है।
विद्यालय प्रबंधक श्री अमिताभ गर्ग ने अविरल को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी और शिक्षकों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा ही नहीं, बल्कि नेतृत्व, नैतिक मूल्यों और संपूर्ण व्यक्तित्व विकास में भी विद्यार्थियों को प्रशिक्षित कर रहा है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



