google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

“यूपी के पत्रकारों के लिए बड़ी खबर” मिलेंगे कैशलेस चिकित्सा सुविधा।

सूचना निदेशक विशाल सिंह ने दी पोर्टल को गो-लाइव करने की सहमति, एक सप्ताह में पत्रकारों का विवरण अपलोड करने के निर्देश

लखनऊ/गौतमबुद्धनगर, 27 अक्टूबर। उत्तर प्रदेश में मान्यता प्राप्त पत्रकारों और उनके आश्रितों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (एबी-पीएमजेएवाई) के अंतर्गत पत्रकारों के आयुष्मान कार्ड जारी करने के लिए विकसित किए गए नए पोर्टल को शुरू करने की सहमति प्रदान कर दी गई है। सूचना निदेशक विशाल सिंह की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में पोर्टल के संचालन और पत्रकारों के पंजीकरण की प्रक्रिया पर विस्तार से चर्चा की गई।

सूचना निदेशालय के सभागार में आयोजित बैठक के दौरान स्टेट हेल्थ एजेंसी, आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अधिकारियों ने पोर्टल की कार्यप्रणाली और आवेदन प्रक्रिया का प्रस्तुतिकरण किया। अधिकारियों ने लाइव डेमो के माध्यम से मान्यता प्राप्त पत्रकारों एवं उनके आश्रितों के आयुष्मान कार्ड बनवाने, आवेदन करने, सत्यापन कराने और कार्ड डाउनलोड करने की पूरी प्रक्रिया समझाई।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में सूचना निदेशालय मुख्यालय के साथ प्रदेश के सभी जिला सूचना कार्यालयों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने प्रतिभाग किया। इसका उद्देश्य पोर्टल के संचालन की प्रक्रिया को सरलता से समझाना और पात्र पत्रकारों तक योजना का लाभ पहुंचाने के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी करना रहा।

एक सप्ताह में पूरा करें पंजीकरण की प्रक्रिया

सूचना निदेशक विशाल सिंह ने कहा कि पोर्टल को पत्रकारों के लिए सरल और सुगम बनाया गया है, ताकि अधिक से अधिक मान्यता प्राप्त पत्रकारों और उनके परिजनों को चिकित्सा सुविधा का लाभ शीघ्र मिल सके। उन्होंने प्रदेश के सभी जनपदीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन मान्यता प्राप्त पत्रकारों और उनके आश्रितों के आयुष्मान कार्ड अभी तक नहीं बने हैं, उनकी सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कराते हुए एक सप्ताह के भीतर संबंधित विवरण पोर्टल पर अपलोड किया जाए।

उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि विवरण अपलोड करने के बाद मुख्यालय को इसकी जानकारी उपलब्ध कराई जाए, जिससे मुख्यालय स्तर पर आगे की कार्रवाई तेजी से पूरी कराई जा सके। सूचना निदेशक ने स्पष्ट किया कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही नहीं बरती जानी चाहिए।

अधिकारियों और कर्मचारियों को दिया गया प्रशिक्षण

बैठक में वरिष्ठ वित्त एवं लेखाधिकारी संजय कुमार सिंह, सहायक निदेशक सतीश चन्द्र भारती, डॉ. जितेन्द्र प्रताप सिंह, अमित कुमार यादव सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

यह जानकारी सूचना विभाग, गौतमबुद्धनगर की ओर से उपलब्ध कराई गई है।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)