पंकज कुमार पाठक, दैनिक समाज जागरण
पदमा – बद्रीनाथ सेवा फाउंडेशन के सौजन्य से बुधवार को पदमा पंचायत भवन परिसर में निशुल्क कंबल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में प्रखंड भर के कई गांवों से आए गरीब व असहाय महिला-पुरुषों के बीच कंबलों का वितरण किया गया, जिससे कड़ाके की ठंड में उन्हें राहत मिल सके।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पदमा प्रखंड के उप प्रमुख सत्येंद्र कुमार राणा रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता बद्रीनाथ सेवा फाउंडेशन के अध्यक्ष दिनेश कुमार ने की। इस अवसर पर फाउंडेशन के सदस्य रविशंकर प्रताप भानु, अजय मेहता, अनिल कुमार, आर्यन कुमार, सुबेश यादव, उमेश भूईया, दशरथ प्रजापति, जितेंद्र यादव, टुनटुन रजक सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान सैकड़ों ग्रामीणों के बीच कंबल वितरित किए गए।
मुख्य अतिथि उप प्रमुख सत्येंद्र कुमार राणा ने अपने संबोधन में कहा कि बद्रीनाथ सेवा फाउंडेशन समाज के लिए अत्यंत सराहनीय और कल्याणकारी कार्य कर रहा है। आज के समय में ऐसे सामाजिक संगठनों की सख्त जरूरत है, जो उन कार्यों को भी कर सकें जिन्हें सरकारी स्तर पर करना संभव नहीं हो पाता। उन्होंने कहा कि फाउंडेशन द्वारा हर मौसम में जनहित में किए जा रहे कार्य—जैसे गर्मी में ठंडे पानी की व्यवस्था, बारिश के मौसम में पर्यावरण संरक्षण हेतु निशुल्क पौधों का वितरण तथा ठंड के मौसम में गरीबों के बीच कंबल वितरण—वास्तव में प्रशंसनीय हैं।
फाउंडेशन के अध्यक्ष दिनेश कुमार ने कहा कि संस्था को आगे और अधिक जनकल्याणकारी कार्यक्रम चलाने के लिए धन की आवश्यकता है। उन्होंने प्रखंडवासियों से अपील की कि वे बढ़-चढ़कर फाउंडेशन को सहयोग और दान दें, ताकि जरूरतमंद लोगों के लिए इस प्रकार के सामाजिक कार्य निरंतर किए जा सकें।

Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



