तेलगुड़वा–कोन–विंढमगंज मार्ग पर प्राइवेट बसों का ‘खेल’, तीन थानों की नाक के नीचे मौत का सफर
अनिल कुमार अग्रहरी/ समाज जागरण
डाला/ सोनभद्र। डाला–तेलगुड़वा से कोन संपर्क मार्ग पर संचालित प्राइवेट बसों के संचालन में घोर अनियमितता सामने आई है। यह बसें चोपन थाना क्षेत्र के तेलगुड़वा से कोन थाना होते हुए विंढमगंज तक प्रतिदिन सैकड़ों यात्रियों की जान जोखिम में डालकर दौड़ रही हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग आंख मूंदे बैठे हैं।दिनांक 05 फरवरी 2026 को सुबह के समय बस संख्या UP64H 6762 कोन थाना क्षेत्र अंतर्गत खेमपुर में स्टेयरिंग फेल होने के कारण खाई में जा गिरी। गनीमत रही कि बड़ा हादसा टल गया। जब परिवहन एप पर वाहन की जानकारी जांची गई तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ — बस की फिटनेस फेल थी और इंश्योरेंस भी अमान्य पाया गया। इस दुर्घटना का सीधा जिम्मेदार बस मालिक है, लेकिन सवाल यह है कि ऐसी बस सड़क पर कैसे दौड़ रही थी?
इसी दिन शाम लगभग 4:30 बजे कोन से तेलगुड़वा जा रही बस संख्या UP64H 9695 रामगढ़ से गुजर रही थी, जिसमें क्षमता से अधिक सवारियां भरी हुई थीं। परिवहन एप से जांच करने पर पता चला कि इस बस का इंश्योरेंस अधूरा है।
जांच का दायरा बढ़ाया गया तो बस संख्या UP64A 4319 का टैक्स फेल पाया गया, वहीं बस संख्या UP83T 3267 का इंश्योरेंस फेल मिला और वैधता की तिथि तक स्पष्ट नहीं हो सकी। ऐसे में बड़ा सवाल यह खड़ा होता है कि तीन-तीन थानों (चोपन, कोन और संबंधित क्षेत्र) से होकर गुजरने वाली ये अवैध और अमानक बसें आखिर किसके संरक्षण में संचालित हो रही हैं?
स्थानीय लोगों और सूत्रों की मानें तो संबंधित थानों की मिलीभगत से यह खतरनाक संचालन धड़ल्ले से जारी है। वहीं हादसे के बाद जिम्मेदार अधिकारी पल्ला झाड़ते नजर आ रहे हैं।
यह मामला केवल नियमों के उल्लंघन का नहीं, बल्कि यात्रियों की जान से खुलेआम खिलवाड़ का है। यदि समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं हुई, तो किसी दिन बड़े हादसे की पूरी जिम्मेदारी परिवहन विभाग, पुलिस प्रशासन और बस संचालकों पर तय मानी जाएगी।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



