दो आरोपी गिरफ्तार, 32 ब्रिटिशकालीन चांदी के सिक्के, 80 ग्राम सोना और 5.142 किलो चांदी बरामद
बिकाश ठाकुर, संवाददाता, दैनिक समाज जागरण
चांडिल। सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल में पूर्व आभूषण व्यवसायी के घर हुई डकैती की घटना में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मामले की जांच करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से करीब 24 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के सामान सहित कई महत्वपूर्ण वस्तुएं बरामद की गई हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि पीड़ित के घर की जानकारी रखने वाले एक कुरियर कर्मचारी ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर वारदात की योजना बनाई थी।
पुलिस की ओर से 19 अक्टूबर 2026 को जारी जानकारी के अनुसार, 9 और 10 अक्टूबर की मध्यरात्रि चांडिल बस स्टैंड के पास स्थित पूर्व आभूषण व्यवसायी उमंग चौधरी के आवास में अपराधियों ने धावा बोला था। घर में घुसने के बाद परिवार के सदस्यों को हथियार के बल पर बंधक बनाकर लूटपाट की गई थी। घटना के बाद चांडिल थाना में कांड संख्या 137/2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी।
तकनीकी साक्ष्यों से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया। इसी क्रम में पुलिस ने राहुल कुमार महतो और त्रिवेणी प्रसाद स्वर्णकार को गिरफ्तार किया। पुलिस अब वारदात में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल कर रही है।
घर की जानकारी का उठाया फायदा
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार राहुल कुमार महतो (27), चांडिल थाना क्षेत्र के सुकसारी का निवासी है। वह एक कुरियर कंपनी में घर-घर जाकर पार्सल पहुंचाने का काम करता था। पूछताछ में उसने बताया कि वर्ष 2022-2023 के दौरान उमंग चौधरी के घर पार्सल पहुंचाने के क्रम में उसे मकान की बनावट और आभूषणों के संबंध में जानकारी मिली थी।
पुलिस का दावा है कि राहुल ने इसी जानकारी का इस्तेमाल कर अपने सहयोगियों मोहिद्दीन अंसारी और सोबराती अंसारी के साथ मिलकर डकैती की योजना बनाई थी। मामले में गिरफ्तार दूसरे आरोपी त्रिवेणी प्रसाद स्वर्णकार (57) को पुलिस ने धनबाद जिले के बरवारा थाना क्षेत्र से पकड़ा। वह हारीना का निवासी बताया गया है। पुलिस के मुताबिक, जांच में उसकी भूमिका लूटे गए आभूषणों के खरीदार के रूप में सामने आई है।
ब्रिटिशकालीन सिक्कों के साथ 5 किलो से अधिक चांदी जब्त
छापेमारी और जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के सामान बरामद किए। जब्त वस्तुओं में 32 ब्रिटिशकालीन चांदी के सिक्के, 80 ग्राम गलाया हुआ सोना और 5142 ग्राम गलायी हुई चांदी शामिल हैं। इसके अलावा 11 छोटे-बड़े चांदी के पायल, पायल के आकार के दो कड़े, दो मोबाइल फोन और हीरो होंडा कंपनी की एक मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है।
पुलिस ने बरामद सामान का अनुमानित मूल्य करीब 24 लाख रुपये बताया है। ब्रिटिशकालीन सिक्कों की बरामदगी भी इस मामले की जांच का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस के अनुसार, राहुल कुमार महतो के खिलाफ चांडिल थाना में पहले से एक मामला दर्ज है। वहीं, त्रिवेणी प्रसाद स्वर्णकार के विरुद्ध विभिन्न थानों में कई मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है। फिलहाल पुलिस डकैती में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है। साथ ही, लूटे गए सामान की बरामदगी और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है।
छापेमारी दल में शामिल पुलिस उपाधीक्षक दुसरु बानसिंह, प्रभारी नक्सल शाखा राजेश कुमार सिंह, यातायात थाना प्रभारी राजू कुमार, अंचल निरीक्षक चांडिल रवि कुमार सिंह, थाना प्रभारी चांडिल संतन कुमार तिवारी, थाना प्रभारी तिरुलडीह विपुल कुमार ओझा, ओपी प्रभारी कपाली अविनाश कुमार, थाना प्रभारी निमडीह डील्शन बिरुआ, सब इंस्पेक्टर आलम चाँद महतो, कमल यादव आदि पदाधिकारी शामिल थे |
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



