दैनिक समाज जागरण, संवाददाता, बिकाश
ईचागढ़: चांडिल थाना क्षेत्र के हारूडीह गांव में 24 दिसंबर 2025 को हुई सनसनीखेज गोलीकांड की घटना में पुलिस ने त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अन्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान जारी है।

इस संबंध में चांडिल थाना कांड संख्या–199/25 दर्ज की गई है। मृतक बिजय तिर्की की पत्नी द्वारा दिए गए लिखित आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई थी। दर्ज कांड में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की गंभीर धाराओं के साथ-साथ आर्म्स एक्ट की धाराएं भी लगाई गई हैं।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष अनुसंधान टीम का गठन किया गया। टीम ने मानवीय सूचना (ह्यूमन इंटेलिजेंस) एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर छापेमारी करते हुए तीन आरोपियों—शाहिद खान उर्फ शहजादा (उम्र 27 वर्ष), विवेक कुमार मन्ना उर्फ विक्की (उम्र 24 वर्ष) एवं राहुल राव (उम्र 26 वर्ष)—को गिरफ्तार किया। वहीं, एक अन्य आरोपी मनीष कुमार ठाकुर उर्फ लिंगर पहले से ही न्यायिक हिरासत में बंद है, जिसे इस कांड में संलिप्त पाए जाने पर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मामले में शामिल एक अन्य फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।
छापामारी दल में शामिल चाण्डिल थाना प्रभारी डील्सन बिरूवा, चौक थाना प्रभारी सोनू कुमार, नीमडीह थाना प्रभारी संतान कुमार तिवारी, कपाली ओपी प्रभारी धिरंजन कुमार आदि शामिल थे |
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हत्याकांड से जुड़े हर पहलू की गहनता से जांच की जा रही है। घटना में प्रयुक्त हथियारों, आपसी रंजिश तथा अपराध के पीछे के कारणों की भी बारीकी से पड़ताल की जा रही है। पुलिस का स्पष्ट कहना है कि इस जघन्य अपराध में शामिल किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और सभी को कानून के अनुसार सख्त सजा दिलाने की कार्रवाई जारी रहेगी।



