समाज जागरण दीपक सरकार
छतरपुर (पलामू)।
छतरपुर अंचल में नया खतियान त्रुटियुक्त एवं अधूरा होने के कारण रैयतों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस गंभीर समस्या को लेकर छतरपुर विकास मंच के अध्यक्ष एवं सामाजिक कार्यकर्ता अरविंद गुप्ता ‘चुनमुन’ के द्वारा अंचल अधिकारी की अनुपस्थिति में अंचल के बड़ा बाबू सुशील कुमार कैथल को एक लिखित आवेदन सौंपा गया, जिसमें अविलम्ब त्रुटियों के सुधार के साथ पलामू डीसी के हस्तक्षेप से नया खतियान पूर्ण रूप से लागू करने की मांग की गई।
आवेदन में बताया गया है कि पलामू जिले के लगभग सभी प्रखंडों में नया खतियान लागू हो चुका है, लेकिन छतरपुर अंचल अब भी इससे वंचित है। इसका सीधा असर यहां के रैयतों पर पड़ रहा है। विशेष रूप से एनएचएआई द्वारा फोर लेन सड़क निर्माण के दौरान अधिग्रहित की गई जमीन का मुआवजा रैयतों को अब तक नहीं मिल सका है।
अरविंद गुप्ता ‘चुनमुन’ ने कहा कि नया खतियान लागू नहीं होने के कारण दाखिल–खारिज, भूमि विक्रय, ऋण, पारिवारिक बंटवारा जैसे आवश्यक कार्य भी ठप पड़े हैं। उन्होंने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि जब जिले के अन्य प्रखंडों में खतियान के आधार पर मुआवजे का भुगतान हो चुका है, तब छतरपुर के रैयत आज भी कार्यालयों के चक्कर काटने को मजबूर हैं।
ज्ञापन में खतियान में मौजूद कई गंभीर त्रुटियों की ओर भी ध्यान आकृष्ट कराया गया है और मांग की गई है कि उन्हें शीघ्र सुधार कर लागू किया जाए। साथ ही छतरपुर में बस स्टैंड और ऑटो स्टैंड के निर्माण हेतु भूमि उपलब्ध कराने की भी मांग रखी गई है।
सामाजिक कार्यकर्ता ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो रैयत आंदोलन करने को बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



