समाज जागरण | दीपक सरकार
छतरपुर (पलामू)। चिरू बाजार स्थित चिरू फार्म में आयोजित चिरू प्रीमियर लीग (सीपीएल) सीजन–18 का गुरुवार को भव्य शुभारंभ हुआ। टूर्नामेंट का उद्घाटन मुख्य अतिथि पर्यावरणविद कौशल किशोर जयसवाल एवं जिला परिषद सदस्य अमित जयसवाल ने किया।
उद्घाटन अवसर पर पर्यावरणविद कौशल किशोर जयसवाल ने दोनों टीमों के कप्तानों को थाईलैंड प्रजाति के आम का पौधा भेंट कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि हर विशेष अवसर पर पौधारोपण कर उसे बचाने का संकल्प लेना चाहिए, क्योंकि पेड़-पौधों के बिना धरती पर जीवन की कल्पना संभव नहीं है।
वहीं जिला परिषद सदस्य अमित जयसवाल ने इस तरह के खेल आयोजनों की सराहना करते हुए स्वयं बल्लेबाजी कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
टूर्नामेंट का उद्घाटन मुकाबला डुमरी बनाम मनहू टीम के बीच खेला गया, जिसमें डुमरी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए डुमरी टीम ने निर्धारित ओवरों में 111 रन बनाए। टीम की ओर से सौरभ गांगुली ने 46 रनों की बेहतरीन पारी खेली और गेंदबाजी में भी कमाल दिखाते हुए 3 विकेट झटके।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी मनहू टीम डुमरी के सधे हुए गेंदबाजों के सामने 87 रन पर सिमट गई। इस प्रकार डुमरी टीम ने उद्घाटन मुकाबला अपने नाम किया। शानदार ऑल-राउंड प्रदर्शन के लिए सौरभ गांगुली को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।
मैच के दौरान मुख्य अतिथि कौशल जयसवाल ने हैट्रिक छक्का एवं हैट्रिक विकेट लेने वाले खिलाड़ी को ₹500 नगद पुरस्कार देने की घोषणा की। वहीं अमित जयसवाल ने हैट्रिक चौके पर ₹200 तथा प्रत्येक छक्के पर ₹100 नगद पुरस्कार देने की घोषणा कर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।
आयोजकों के अनुसार टूर्नामेंट में कई मजबूत टीमें भाग ले रही हैं। प्रतियोगिता का प्रवेश शुल्क ₹2500 रखा गया है। विजेता टीम को ₹20,000 एवं उपविजेता टीम को ₹10,000 नगद पुरस्कार के साथ ट्रॉफी प्रदान की जाएगी।
इस अवसर पर कमेटी अध्यक्ष बबलू सिंह, सचिव रणजीत सिंह, कोषाध्यक्ष सचिन कुमार पाण्डेय, उप सचिव अमित कुमार सिंह, समाजसेवी निरंजन सिंह, विनोद यादव (पूर्व उप प्रमुख) सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।
पहले दिन का मुकाबला रोमांचक रहा, जिससे दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला।



