ब्यूरो चीफ़/ समाज जागरण
सोनभद्र। कोन थाना क्षेत्र में स्थित एक निजी अस्पताल में 13 वर्षीय वेदांत की मृत्यु के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया है। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल के कर्मचारी की लापरवाही से लगाए गए इंजेक्शन के कारण ही बच्चे की तबीयत बिगड़ी और उसकी मौत हो गई।
सोनभद्र के ग्राम पंचायत मिश्री के टोला निवासी वेदांत (13 वर्ष) को मंगलवार रात पेट में तेज दर्द होने पर परिजन कोन स्थित भारत हॉस्पिटल ले गए थे। वहां एक कर्मचारी ने उसे इंजेक्शन लगाया और घर ले जाने को कह दिया। लेकिन, घर पहुंचते ही उसकी हालत फिर से खराब होने लगी। उसे वापस अस्पताल लाया गया, पर कर्मियों ने देखने से मना कर दिया। दूसरे अस्पताल में ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर फैलते ही अस्पताल में लोगों की भीड़ जमा हो गई। गुस्साए परिजनों ने अस्पताल संचालक को वहीं बैठाकर विरोध प्रदर्शन किया। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर भीड़ को शांत कराया। परिजन मृतक के लिए मुआवजे और लापरवाही बरतने वाले कर्मचारी की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
चिकित्सा विभाग भी इस मामले की जांच कर रहा है। पुलिस ने अस्पताल को घेरकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने अस्पताल संचालक को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया है। समाचार लिखे जाने तक, परिजन अस्पताल में ही डटे हुए थे और न्याय की मांग कर रहे थे। मृतक वेदांत अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसके पिता कैंसर के इलाज के लिए रांची गए हुए हैं। इस हृदय विदारक घटना से परिवार में मातम छा गया है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



