google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

शिलचर-दुल्लभछड़ा मार्ग पर डेमो ट्रेन सेवा शुरू करने की मांग तेज, नागरिकों ने जीएम को भेजा स्मारक पत्र

श्रीभूमि संवाददाता, दैनिक समाज जागरण

श्रीभूमि। शिलचर-दुल्लभछड़ा रेलवे मार्ग पर डेमो ट्रेन सेवा शुरू करने की मांग को लेकर स्थानीय नागरिकों की पहल तेज हो गई है। इसी क्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों के लोगों द्वारा हस्ताक्षरित एक स्मारक पत्र गत 30 नवंबर को डाक के माध्यम से मालिगांव स्थित रेलवे महाप्रबंधक (GM) को भेजा गया।

स्मारक पत्र में उल्लेख किया गया है कि वर्तमान सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ के मूल मंत्र के साथ देश के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में रेल संपर्क और यात्री सुविधाओं को प्राथमिकता दे रही है। इसी कड़ी में शिलचर-दुल्लभछड़ा मार्ग पर डेमो ट्रेन सेवा शुरू होने से न केवल यात्रियों को सुलभ और कम लागत में यात्रा का विकल्प मिलेगा, बल्कि स्थानीय व्यापारियों को अपने उत्पादों के आयात-निर्यात में भी बड़ी सहूलियत मिलेगी। इससे व्यापार को बढ़ावा मिलेगा और सरकार को कर राजस्व में वृद्धि होने की संभावना भी जताई गई है।

इसके साथ ही नागरिकों ने एक अलग स्मारक पत्र के माध्यम से दुल्लभछड़ा, फाकुवा और एरालीगुल रेलवे स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं का विस्तार और उन्नयन करने की मांग भी रखी है। इसमें डिजिटल अपग्रेडेशन, आधुनिक विद्युत व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, विश्राम गृह, शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाओं को तत्काल उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर जोर दिया गया है, ताकि यात्रियों को किसी भी सरकारी सुविधा से वंचित न होना पड़े।

स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई है कि रेलवे विभाग उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेकर क्षेत्र के विकास और जन-कल्याण में सहयोग करेगा।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)