समाज जागरण रंजीत तिवारी
रामेश्वर वाराणसी।।
जंसा थाना क्षेत्र के बड़ौरा बाजार में रविवार को होलिका दहन स्थल को लेकर विवाद उत्पन्न हो गया। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले 50 वर्षों से सड़क किनारे एक ही स्थान पर पारंपरिक रूप से होलिका दहन किया जाता रहा है।इस वर्ष भी उसी स्थान पर होलिका स्थापित की गई थी। हालांकि, सड़क चौड़ीकरण कार्य के कारण कार्यदायी संस्था (एनएचआई) ने जेसीबी का उपयोग कर होलिका को हटाकर बगल में फेंक दिया। कार्यदायी संस्था की इस कार्रवाई से ग्रामीणों और स्थानीय व्यापारियों में भारी नाराजगी फैल गई।
बड़ी संख्या में लोग तत्काल मौके पर एकत्र हो गए और अधिकारियों को बुलाने की मांग करने लगे। सूचना मिलने पर नायब तहसीलदार दीपाली मौर्य पहुंची। अधिकारियों और ग्रामीणों के बीच हुई वार्ता के बाद एक समाधान निकाला गया। तय हुआ कि इस वर्ष होलिका दहन परंपरागत स्थान पर ही किया जायेगा। इसके साथ ही अगले वर्ष के लिए एक सार्वजनिक और सुरक्षित स्थान चिन्हित करने का निर्णय लिया गया। अधिकारियों के आश्वासन के बाद स्थिति शांत हुई और लोगों ने आपसी सहमति से पुनः उसी स्थान पर होलिका स्थापित किया नायब तहसीलदार दीपाली मौर्य ने बताया कि होलिका दहन का परंपरागत स्थान सड़क चौड़ीकरण परियोजना के अंतर्गत आ गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अगले वर्ष से ग्राम पंचायत की जमीन पर एक नया सुरक्षित स्थान तय कर होलिका दहन किया जायेगा।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



