कृषि सांख्यिकी से संबंधित क्षमतावर्द्धन हेतु जिला स्तरीय आवृतिचर्या प्रशिक्षण आयोजित

मनोज कुमार रोहतास ब्यूरो,दैनिक समाज जागरण

जिला मुख्यालय सासाराम समाहरणालय स्थित डीआरडीए सभागार में जिला पदाधिकारी के निदेशानुसार उप विकास आयुक्त बिजय कुमार पांडे की अध्यक्षता में मंगलवार को कृषि सांख्यिकी से संबंधित सभी पदाधिकारियों व कर्मियों के क्षमतावर्द्धन हेतु जिला स्तरीय आवृतिचर्या प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। आवृतिचर्या प्रशिक्षण में सर्वप्रथम फसल के अनुसार कृषि वर्ष में फसल मौसम की जानकारी दी गई। इसके पश्चात खसरा पंजी, द्रुत जिन्सवार, सामान्य जिन्सवार, भूमि उपयोग विवरणी, नेत्रांकन प्रतिवेदन प्रक्षेत्र मूल्य व फसल कटनी के संबंध में प्रतिभागियों को विस्तृत जानकारी दी गई। चूंकि भारत एक कृषि प्रधान देश है इसलिए उपर्युक्त विधि से कृषि उपज का आंकलन वैज्ञानिक विधि से करते हुए कृषि के विकास के लिए नीति निर्माण आवश्यक है। आवृतिचर्या प्रशिक्षण में फसल कटनी की वैज्ञानिक विधि की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। इस क्रम में उप विकास आयुक्त द्वारा बताया कि इसका प्रमुख उद्येश्य जिला स्तर पर उत्पादन व उत्पादकता का आकलन करना तथा साथ ही फसल बीमा कराए गए कृषकों की क्षतिपूर्ति का आकलन करना होता है। फसल कटनी आंकडों के आधार पर बिहार राज्य फसल सहायता योजनान्तर्गत कृषकों को अनुदान, सहायता इत्यादि निर्धारित की जाती है। इन आंकड़ों का उपयोग सरकार की नितियों को बनाने में विभिन्न विभागों द्वारा किया जाता है। जिला स्तरीय आवृतिचर्या प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला सहकारिता पदाधिकारी, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी, प्रखण्ड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, सहायक सांख्यिकी पदाधिकारी, प्रखण्ड सांख्यिकी पदाधिकारी, राजस्व अधिकारी, प्रभारी राजस्व अधिकारी व प्रखण्ड कृषि पदाधिकारी आदि उपस्थित थे।

Leave a Reply